Cyclone Arnab Alert: बंगाल की खाड़ी में एक्टिव चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण देश के कई राज्यों में मौसम बिगड़ने की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के तट पर 28 अक्टूबर की सुबह तूफान के टकराने की संभावना है। इस दौरान 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। आंध्र प्रदेश में करीब 6 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में मौसम बदलने के आसार हैं।
साइक्लोन अर्णब से कई राज्यों में अलर्ट
आंध्र प्रदेश में रेड अलर्ट
चक्रवात अर्नब का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है। 27 अक्टूबर को राज्य में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। तटीय जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की है। मछुआरों को गुरुवार 29 अक्टूबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
बुधवार 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के साथ ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी भारी बारिश का रेड अलर्ट है। झारखंड में Orange Alert जारी किया गया है। पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और कर्नाटक में बारिश की संभावना है।
ओडिशा में स्कूल-कॉलेज बंद
चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा में राहत और बचाव की तैयारियां तेज की जा रही हैं। राज्य में 60 रेस्क्यू टीमें तैनात करने की तैयारी है। छह जिलों में बुधवार 28 और गुरुवार 29 अक्टूबर को स्कूल-कॉलेज बंद रखने का फैसला लिया गया है। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
MP के 17 जिलों में बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मंगलवार 27 अक्टूबर से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी और बालाघाट के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। छतरपुर, कटनी, जबलपुर, मंडला, छिंदवाड़ा और सिवनी में भी भारी बारिश हो सकती है। बारिश से पहले राज्य में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल में भी बदलेगा मौसम
राजस्थान में गुरुवार 29 अक्टूबर से नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में आंधी-बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में 29 से 31 अक्टूबर के बीच कई जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 30 और 31 अक्टूबर को बारिश, जबकि ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार हैं।
बिहार-हरियाणा में भी अलर्ट
तमिलनाडु में लगातार बारिश से अरनी के भास्कर नगर में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कोडाइकनाल में पर्यटकों की एंट्री पर रोक लगाई गई है। बिहार में मंगलवार 27 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरियाणा में 29 अक्टूबर को 14 जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का यलो अलर्ट है।
