Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान 'अकवान' (Akvan) अब और शक्तिशाली होता जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना यह चक्रवाती तूफान अगले कुछ दिनों में बेहद भीषण रूप धारण कर सकता है। 19 नवंबर की सुबह तक इसके 'अति गंभीर चक्रवाती तूफान' में बदलने की पूरी आशंका है। इसके बाद 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तट से टकराने की संभावना है। इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
चक्रवाती तूफान अकवान 19 नवंबर तक होगा बेहद गंभीर (सांकेतिक फोटो)
चेन्नई से 610 किलोमीटर दूर है तूफान
IMD के अनुसार, चक्रवाती तूफान पिछले नौ घंटों के दौरान लगभग स्थिर स्थिति में बना हुआ है। मंगलवार सुबह 2:30 बजे यह दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। तूफान चेन्नई से करीब 610 किलोमीटर पूर्व में स्थित था। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, तूफान के उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर और मजबूत होकर 19 नवंबर की सुबह तक बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है।
आंध्र प्रदेश के तट पर भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि तूफान 20 नवंबर को दोपहर के आसपास नेल्लोर और तुनी के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तट को पार कर सकता है। जिसे देखते हुए आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तटीय आंध्र प्रदेश में 18 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं 19 और 20 नवंबर को उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी 18 और 19 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, ओडिशा में 19 से 21 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
