Mumbai News: छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बीते सात दिनों के दौरान यात्रियों से भारी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त की गई है। सीमा शुल्क विभाग ने इस दौरान 61 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हाइड्रोपोनिक वीड, सोना, हीरे और विदेशी मुद्रा बरामद की। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी साझा की। अधिकारियों के अनुसार, खुफिया इनपुट के आधार पर नौ से 16 जनवरी के बीच तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।
मुंबई एयरपोर्ट पर तस्करी का बड़ा खुलासा (फोटो: एएनआई)
इस कार्रवाई के तहत कुल 16 मामलों में लगभग 61 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 61 करोड़ रुपये आंकी गई है। एक मामले में, सीमा शुल्क अधिकारियों ने विमान की सीट के नीचे छिपाकर रखे गए लाइफ जैकेट के पैकेटों से करीब 3.997 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 3.997 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा, बैंकॉक से आए नौ यात्रियों के पास से 29.841 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड पकड़ी गई, जिसकी अनुमानित कीमत 29.841 करोड़ रुपये है। इस संबंध में आठ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार, एक अलग कार्रवाई में बैंकॉक से मुंबई आए सात यात्रियों के पास से 27.163 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 27.163 करोड़ रुपये बताई गई है। इस मामले में मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
क्या-क्या और मिला?
एनडीपीएस से जुड़े मामलों के अलावा, सीमा शुल्क विभाग ने छह यात्रियों से करीब 1.035 करोड़ रुपये मूल्य का 846.74 ग्राम 24 कैरेट सोना भी बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि एक यात्री के पास से 31.95 लाख रुपये कीमत के 548.4 कैरेट हीरे जब्त किए गए, जबकि दूसरे यात्री से 47.6 लाख रुपये के बराबर सऊदी रियाल की विदेशी मुद्रा मिली। इसके अतिरिक्त, एक अन्य मामले में सीमा शुल्क अधिकारियों ने एक यात्री के पास से 38.91 लाख रुपये मूल्य का 305 ग्राम 24 कैरेट सोना जब्त किया है।
(इनपुट - भाषा)
