Chhatrapati Sambhajinagar Crime Branch Raid: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में आज सुबह क्राइम ब्रांच ने एक बेहद चौंकाने वाली और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस की एक बड़ी टीम ने 90 के दशक में इलाके में अपना आतंक मचाने वाले कुख्यात कथित 'डॉन' बाबा फरजान डोरडी के पडेगाव स्थित आलीशान बंगले पर अचानक छापा मारा।
छत्रपति संभाजीनगर में रेड
इस छापेमारी के दौरान इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्रवाई इतनी बड़ी थी कि बंगले के अंदर मिले पैसों के ढेर को गिनने के लिए पुलिस को बकायदा कैश काउंटिंग मशीनें मंगवानी पड़ीं। छत्रपति संभाजीनगर के डीसीपी शशिकांत सातव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बाबा फरजान डोरडी 1980 और 90 के दशक में एक ट्रेड यूनियन लीडर हुआ करता था, जो बाद में जुर्म की दुनिया में कदम रखकर इलाके का एक बड़ा अपराधी बन गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: नोएडा में नाले में गिरने से आर्यन की दर्दनाक मौत, रोंगटे खड़े कर देगा हादसे का CCTV वीडियो
90 के दशक में बाबा फरजान पर संभाजीनगर में कई जमीनों पर अवैध कब्जा करने, व्यापारियों से जबरन वसूली और सरेआम धमकी देने जैसे गंभीर मामलों में संलिप्तता थी। हालांकि, बाबा फरजान की पिछले महीने ही मौत हो चुकी है। मरने से पहले तक उस पर दंगा भड़काने, मारपीट, हत्या की कोशिश और किडनैपिंग समेत अलग-अलग थानों में चार बेहद गंभीर क्रिमिनल केस दर्ज थे।
अवैध हथियारों व करोड़ों के कैश का गोदाम बना था बंगला
जब क्राइम ब्रांच की टीम ने बंगले के कोने-कोने को खंगालना शुरू किया, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। इस रेड के दौरान पुलिस ने 2 पिस्टल, 4 राइफल, तलवारें और चाकुओं के साथ-साथ रिकॉर्ड 6,350 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा, कमरे से 5.26 करोड़ रुपये का भारी-भरकम कैश, 151 ग्राम सोना और करीब 4 किलो चांदी भी जब्त की गई है।
फिलहाल, क्राइम ब्रांच के अधिकारी बाबा फरजान के सभी फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन, बेनामी संपत्तियों और उससे जुड़े कागजातों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। पुलिस ने मौके से मिले सभी हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेज दिया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन हथियारों का इस्तेमाल किन-किन वारदातों में हुआ था। पुलिस इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि डॉन की मौत के बाद इस आलीशान बंगले से इस काली कमाई और हथियारों के सिंडिकेट को कौन आगे बढ़ा रहा था।
