जापानी बुखार पर जोरदार प्रहार, जानें कैसे बच्चों की मौत के आंकड़े हुए Zero

इंसेफ्लाइटिस एक समय गोरखपुर में काल का दूसरा नाम था। इससे संक्रमित होने वाले बच्चों में से बहुत से बच्चे असमय काल के गाल में समा जाते थे। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले 7 वर्षों में जमकर काम हुआ और आज मृत्यु के मामले शून्य पर पहुंच गए हैं।

पूर्वी उत्तर प्रदेश, विशेषतौर पर गोरखपुर और आसपास के जिलों में एक समय एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम और जापानी बुखार (Japanese Encephalitis) बड़ी महामारी की तरह था। अभी कुछ साल पहले तक हर साल जुलाई-सितंबर महीनों में यहां बड़ी संख्या में बच्चे इस बीमारी के कारण जान गंवाते थे। हर साल वह मंजर नजर आता था, जिसमें माता-पिता और परिवारजन अपने बच्चों को बेहोशी की हालत में हाथों में उठाए बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचते थे। एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम और जापानी बुखार से पीड़ित बच्चों के इलाज के लिए बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज (BRD Medical College) ही एकमात्र उम्मीद की किरण होता था। लेकिन इस अस्पताल तक पहुंचने वाले बहुत से बच्चों की भी मौत हो जाती थी। पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस ओर ध्यान दिया और आखिरकार साल 2023 पिछले कई दशकों में पहला साल बना, जब गोरखपुर जिले में एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम और जापानी बुखार से किसी बच्चे की मौत नहीं हुई।

Japani Bukhar

गोरखपुर में इंसेफ्लाइटिस से मौत के मामले हुए शून्य

45 साल में पहली बार

गोरखपुर और आसपास के जिलों के बच्चों के लिए एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम और जापानी बुखार काल का दूसरा नाम थे। आखिरकार सरकार की कोशिशें रंग लाईं और साल 2023 में जुलाई-सितंबर, जिसे एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम और जापानी बुखार का सीजन माना जाता है, गोरखपुर जिले में किसी बच्चे की मौत नहीं हुई। गोरखपुर के लिए यह इसलिए भी खास है, क्योंकि यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जिला है। जन स्वास्थ्य को लेकर उनकी सरकार की कोशिशें आखिर परवान चढ़ी और पिछले साल मामले शून्य तक पहुंच गए।

CMO का क्या है कहना

गोरखपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) आशुतोष कुमार दूबे ने इस सफलता का राज बताया। उन्होंने बताया, 'हमने इंफेक्शन के कारणों पर उसके स्रोत के स्तर पर ही हमला किया। एक बहुत ही अच्छे मैनेजर की तरह मुख्यमंत्री सभी विभागों को एक पेज पर लेकर और कहा कि अब आपको इस समस्या का समाधान करना है। बस फिर क्या था, सभी अधिकारियों ने उनके निर्देशों को माना।'

6 साल में शून्य तक का सफर

एक समय था जब इंसेफ्लाइटिस गोरखपुर में बच्चों के लिए मौत का दूसरा नाम था। 6 साल की कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार इस पर काबू पाया गया। साल 2017 में एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम के 764 मामले सामने आए, जिनमें से 111 की मौत हो गई थी। वहीं 2023 में सिर्फ 88 बच्चों को यह संक्रमण हुआ और सभी की बचा लिया गया। इसी तरह जापानी बुखार यानी (Japanese Encephalitis) के भी 52 मामले 2017 में सामने आए थे, जिनमें से 2 की मौत हुई थी, जबकि 2023 में कोई भी बच्चा जापानी बुखार से संक्रमित नहीं हुआ।

एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोमजापानी बुखार
सालमामलेमृत्युमामलेमृत्यु
2017764111522
201840038352
201922710355
202021411132
202122815120
2022853110
202388000
* आंकड़े गोरखपुर जिला स्वास्थ्य विभाग के हैं और 26 अक्टूबर 2023 तक अपडेटेड हैं।
इस तरह से गोरखपुर इंसेफ्लाइटिस के सबसे बुरे दौर से बाहर निकलने में सफल रहा। इस सफलता का श्रेय संयुक्त प्रयास को जाता है, जिसमें प्राथमिकता के स्तर पर काम, राजनीतिक इच्छा शक्ति, जल से जुड़ी स्वच्छता, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति में सुधार, गोरखपुर अस्पताल में स्पेशलिस्ट डॉक्टर की नियुक्ति, 500 बेड की नई फेसिलिटी के साथ ही वायरस के खिलाफ उसके स्रोत पर हमने की रणनीति शामिल हैं।

End of Feed