राजधानी दिल्ली में कल कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की तरफ से जोरदार प्रदर्शन की तैयारी की गई है। इसके लिए पार्टी की तरफ से बकायादा क्या करें, क्या न करें (Do's and Dont's) की एक लिस्ट जारी किया है। CJP के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए बता दें कि दिल्ली के कुछ इलाकों में कल यानी शनिवार 6 जून को ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। चलिए जानते हैं शनिवार को किन-किन इलाकों में आपको ट्रैफिक जाम की समस्या हो सकती है और वहां जाने से परहेज करें -
प्रदर्शन की मुख्य मांग क्या है?
कॉकरोच जनता पार्टी कल दिल्ली में धरना-प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी की तरफ से अपने सभी फॉलोअर्स को क्या करें, क्या न करें की लिस्ट जारी की गई है। जारी पोस्टर में ऊपर ही लिखा है, धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो! हाल में नीट पेपर लीक और सीबीआई पेपर जांच सहित कई मुद्दों पर लोगों में भारी गुस्सा है। CJP इस मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रही है।
कहां होगा प्रदर्शन?
कॉकरोच जनता पार्टी का यह धरना प्रदर्शन शनिवार 6 जून को सेंट्रल दिल्ली में पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन, जंतर-मंतर पर होगा। प्रदर्शन सुबह 9 बजे शुरू होगा। सुबह 9 बजे के प्रदर्शन के लिए CJP के समर्थकों का सुबह से ही यहां पहुंचना शुरू हो जाएगा। प्रदर्शन को शांतिपूर्ण, संवैधानिक और अनुशासित रखने की अपील भी की गई है। अगर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे तो सेंट्रल दिल्ली के इस इलाके में ट्रैफिक जाम की समस्या हो सकती है।

CJP ने प्रदर्शन के लिए जारी किया ये पोस्टर
कहां होगी ट्रैफिक जाम की स्थिति?
क्योंकि प्रदर्शन जंतर-मंतर पर है तो बड़ी संख्या में CJP समर्थक यहां पहुंच सकते हैं। अगर बड़ी संख्या में समर्थक यहां पहुंचे तो दिल्ली में मंडी हाउस के पास फिरोजशाह रोड, बाराखंबा रोड, अकबर रोड, जंतर-मंतर रोड, अशोक रोड सहित इंडिया गेट के आसपास ट्रैफिक की समस्या हो सकती है। इसके अलावा रायसीना रोड के साथ ही बंगला साहिब और YMCA की तरफ जाने वाली सड़क पर भी ट्रैफिक की दिक्कत हो सकती है। बड़ी संख्या में लोगों के आने पर कनॉट प्लेस में भी ट्रैफिक की दिक्कत हो सकती है।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके आज रात दिल्ली पहुंचने वाले हैं। उनका कहना है कि वह कल जंतर-मंतर पर मौजूद रहेंगे। उन्होंने समर्थकों से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर इकट्ठा न होने की अपील की है।
