शहर

हाईवे पर पेट्रोल खत्म हो जाए तो क्या Toll Plaza मुफ्त में फ्यूल देता है? जानिए सच्चाई

अगर हाईवे पर जाते समय आपकी गाड़ी का पेट्रोल या डीजल खत्म हो जाए तो आप क्या करेंगे? क्या वो Whatsapp फॉर्वर्ड सच है, जिसमें कहा गया है कि ऐसे में टोल प्लाजा से मुफ्त में पेट्रोल-डीजल मिल जाता है? चलिए जानते हैं -

Image

हाईवे पर पेट्रोल खत्म हो जाए तो क्या करें?

गर्मियों का मौसम है। बच्चों के स्कूल की छुट्टियां भी हैं। ऐसे में आप कहीं घूमने जाने का प्लान बना ही रहे होंगे। सोचिए आप किसी हाईवे पर फर्राटा मार रहे हों। गाड़ी के अंदर हंसी-खुशी का माहौल, बच्चे मजे से चिप्स और जूस का मजा ले रहे हैं। आगे म्यूजिक सिस्टम पर बच्चों की पसंद के गाने और स्क्रीन पर किसी हिल स्टेशन का मैप लगा हुआ है। मैप दिखा रहा है कि आप अगले 2 घंटे में वहां पहुंच जाएंगे। इसी दौरान आपकी नजर गाड़ी के ओडोमीटर कंसोल की तरफ जाती है। ये क्या? पेट्रोल तो खत्म होने वाला है और रैंज सिर्फ 20 किमी रह गई है। 10 किमी बाद टोल प्लाजा आने वाला है और उसके बाद भी कई किलोमीटर तक कोई पेट्रोल पंप नहीं है। आपकी तो सारी खुशी, सारा मजा ही फुर्र हो जाएगा। क्या Toll Plaza पर मुफ्त में पेट्रोल मिल जाएगा?

क्या Toll Plaza पर पेट्रोल मिलेगा?

पेट्रोल के बारे में सोचते-सोचते टोल प्लाजा भी आ गया। अब भी प्रश्न यही है कि क्या टोल प्लाजा पर पेट्रोल मिलेगा? क्योंकि कई Whatsapp फॉर्वर्ड में तो ऐसा वादा किया जाता है। अगर आप भी ऐसे व्हाट्सएप मैसेज पर भरोसा करके टोल प्लाजा से पेट्रोल की मांग करने वाले हैं तो आपको निराशा ही हाथ लगने वाली है। क्योंकि टोल प्लाजा पर ऐसी कोई सर्विस नहीं दी जाती। यानी Whatsapp पर दी गई जानकारी सरासर गलत है। आपके लिए बेहतर तो यही रहेगा कि आप टोल प्लाजा क्रॉस करके खाली जगह पर रुकें और फिर आगे का प्लान सोचें।

Highway पर पेट्रोल खत्म हो गया अब क्या करें?

Whatsapp फॉर्वर्ड पर भरोसा करके आपको लगा कि टोल प्लाजा पर पेट्रोल मिल जाएगा, लेकिन वह पोस्ट झूठी निकली। अब आगे क्या करें, हम आपको बताते हैं। अब आपको NHAI के टोल फ्री नंबर पर कॉल करना चाहिए। क्योंकि हाईवे पर होने वाली किसी भी तरह की परेशानी में आपकी मदद NHAI ही सबसे बेहतर तरीके से कर सकती है।

NHAI का टोल फ्री नंबर क्या है?

अगर आप नेशनल हाईवे पर हैं तो NHAI 24x7 आपकी मदद के लिए मौजूद है। आपको किसी भी तरह की समस्या में सिर्फ NHAI के टोल फ्री नंबर 1033 पर कॉल करना है। NHAI Toll Free Number 1033 हमेशा आपके फोन में रहना चाहिए। वैसे तो हाईवे पर जगह-जगह टोल फ्री नंबर के बोर्ड भी लगे रहते हैं और इस नंबर को याद रखना मुश्किल भी नहीं है।

टोल फ्री नंबर तो ठीक है, पेट्रोल कहां से मिलेगा?

पेट्रोल भी टोल फ्री नंबर से ही मिलेगा। जब आप NHAI के टोल फ्री नंबर पर कॉल करेंगे तो इसकी इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम आपको किसी भी तरह की परेशानी से निकालने के साथ ही पेट्रोल दिलाने में भी मदद करेगी। यही नहीं आपको जरूरी हुआ तो टोईंग सर्विस भी उपलब्ध कराएगी। हालांकि, पेट्रोल हो या टोईंग सर्विस आपको जिसकी भी जरूरत हो, उसके लिए आपको खर्च करना होगा। लेकिन इतना जरूर है कि हाईवे पर आप निसहाय खड़े नहीं रहेंगे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article