मुख्यमंत्री योगी कल करेंगे नोएडा और गाजियाबाद का दौरा, विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 जून को नोएडा और गाजियाबाद के दौरे पर रहेंगे, जहां वे कई विकास परियोजनाओं को नई दिशा देंगे। इस दौरान सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नए प्रशासनिक मुख्यालय का उद्घाटन करने के साथ-साथ औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास और विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।

CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री कल यानी 27 जून शनिवार को नोएडा और गाजियाबाद के दौरे पर रहेंगे। अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए कल के दिन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यातायात डायवर्जन लागू किए जाने की संभावना है। सीएम योगी नोएडा प्राधिकरण की सेक्टर-96 स्थित नई प्रशासनिक इमारत का भी उद्घाटन करेंगे।

CM Yogi Adityanath (File Photo: ANI)

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो: एएनआई)

एक ही छत के नीचे संचालित होंगे सभी विभाग

अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-96 में स्थित नया प्रशासनिक भवन शहर के विभिन्न सेक्टरों और आसपास के इलाकों से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इस नए मुख्यालय में प्राधिकरण के सभी विभागों को एक ही परिसर में संचालित किया जाएगा, जिससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और सरकारी सेवाएं अधिक तेजी से मिल सकेंगी। फिलहाल नोएडा प्राधिकरण के विभिन्न विभाग सेक्टर-6, सेक्टर-19, सेक्टर-20 और सेक्टर-39 समेत कई अलग-अलग कार्यालयों से संचालित हो रहे हैं। नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एस.पी. सिंह ने बताया कि नए मुख्यालय के निर्माण की शुरुआत 5 जनवरी 2016 को हुई थी और इसे 2 जनवरी 2019 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि, कोविड-19 महामारी और ठेकेदारों की ओर से हुई देरी के कारण परियोजना समय पर पूरी नहीं हो सकी।

End of Feed