NEET परीक्षार्थियों के लिए पंजाब सरकार का बड़ा ऐलान, 3 दिन रोडवेज बसों में सफर रहेगा बिल्कुल मुफ्त; एडमिट कार्ड ही बनेगा टिकट

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने NEET Paper Leak के बाद री-एग्जाम की तय हुई तारीख के लिए छात्रों को ध्यान में रखकर बड़ा ऐलान किया है। 20, 21 और 22 जून को पंजाब रोडवेज की सभी बसों में परीक्षार्थियों का किराया पूरी तरह माफ रहेगा। बस यात्रा के लिए छात्रों को केवल अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा।

Punjab News: नीट पेपर लीक विवाद (NEET Paper Leak) के बाद आगामी 21 जून 2026 को दोबारा आयोजित होने जा रही नीट-यूजी की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की है कि परीक्षा देने जा रहे सभी विद्यार्थियों के लिए पंजाब रोडवेज की सभी बसों में तीन दिनों तक सफर पूरी तरह मुफ्त रहेगा। पंजाब सरकार ने फैसला लिया है कि 20, 21 और 22 जून को राज्य का कोई भी नीट अभ्यर्थी बिना एक भी रुपया दिए अपने परीक्षा केंद्र तक आ-जा सकेगा। इसके लिए छात्रों को टिकट के पैसे देने की जरूरत नहीं है, बल्कि कंडक्टर को सिर्फ अपना 'एडमिट कार्ड' (NEET Admit Card) दिखाना होगा।

neet paper leak re exam free bus punjab

20 से 22 जून तक फ्री चलेंगी बसें (चित्र: X/@BhagwantMann)

केजरीवाल की सलाह पर CM मान का फैसला

दरअसल, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल इन दिनों दो दिवसीय पंजाब दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने पंजाब में नीट की तैयारी कर रहे छात्रों और उनके परिजनों से मुलाकात की थी। केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ एक 'सेल्फी वीडियो' साझा करते हुए इस योजना की पृष्ठभूमि बताई। अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पिछले दिनों जब परीक्षा रद्द हुई तो कई बच्चों ने मुझे लिखकर अपनी चिंताएं बताई थीं। कुछ छात्रों ने भावुक होकर कहा था कि वे बेहद गरीब परिवारों से आते हैं और दोबारा होने वाली परीक्षा के दिन अपने घर से सेंटर तक जाने के लिए उनके पास बस के किराए के पैसे भी नहीं हैं। आज मैं पंजाब आया तो मैंने इस विषय पर सीएम भगवंत मान साहब से बात की, जिसके तुरंत बाद मान सरकार ने यह ऐतिहासिक कदम उठाया।"

End of Feed