चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर जारी विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने विपक्ष के आरोपों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने विपक्ष पर Selective Criticism का आरोप लगाते हुए पूछा कि अगर SIR प्रक्रिया में इतनी गंभीर दिक्कतें थीं, तो प्रियंका गांधी चुनाव कैसे जीत गईं? उन्होंने कहा कि विपक्ष उन राज्यों में चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाता है, जहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार बनती है, लेकिन दूसरे राज्यों में अपनी जीत पर चुप रहता है।
SIR विरोध के मुद्दे पर चिराग पासवान ने विपक्ष को आड़े हाथ लिया
चुनाव आयोग के जवाब से चिराग संतुष्ट
दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि उन्हें भी कुछ चिंताएं थीं और उन्होंने हमेशा जनता के मुद्दों को प्राथमिकता दी है। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग ने एक दिन पहले उठाए गए सवालों का बिंदुवार जवाब दिया, जिससे वह संतुष्ट हैं।
चिराग ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि किसी प्रक्रिया को एक जगह गलत और दूसरी जगह सही नहीं ठहराया जा सकता। उनके अनुसार, चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों को सभी राज्यों में समान मानदंड अपनाने चाहिए।
केरल और हिमाचल का किया जिक्र
चिराग पासवान ने केरल और हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए विपक्ष से सवाल किया कि वहां सरकारें कैसे बनीं और काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को उन राज्यों में भी चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने चाहिए, जहां उसके दल सत्ता में हैं।
SIR को लेकर राजनीतिक बहस जारी
SIR यानी Special Intensive Revision मतदाता सूची की विशेष गहन जांच और संशोधन की प्रक्रिया है। इसे लेकर विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में बदलाव पर प्रश्न उठाए हैं। वहीं, चिराग पासवान ने इन आरोपों को सिलेक्टिव क्रिटिसिज्म बताते हुए विपक्ष से अपने दावों पर स्पष्ट रुख अपनाने को कहा।
ये भी पढ़ें - Delhi News: इस सर्दी पार्किंग चार्ज डबल, कूड़ा जलाने पर दंड, जानें Air Pollution के खिलाफ दिल्ली की क्या है तैयारी!
गौरतलब है कि चिराग पासवान ने कल यानी रविवार 27 सितंबर को ही बिहार में अपने गठबंधन की सरकार को महिला सुरक्षा को लेकर आड़े हाथों लिया था। उन्होंने कहा था कि राज्य में जिस तरह की कानून व्यवस्था है और महिलाओं के खिलाफ अपराध हो रहे हैं, उसे लेकर वह शर्मिंदा हैं कि वह उस सरकार का हिस्सा हैं। हालांकि, उन्होंने उम्मीद भी जतायी की राज्य सरकार ऐसी घटनाओं पर जल्द रोक लगाएगी।
