गाजियाबाद के NH-9 पर चाइनीज मांझे का कहर; बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की कटी गर्दन, हुई मौत

गाजियाबाद के एनएच-9 पर चाइनीज मांझे ने एक बाइक सवार युवक की जान ले ली। नोएडा से दिल्ली जा रहे 25 वर्षीय रविराज की गर्दन में अचानक मांझा फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, वहीं इस हादसे ने प्रतिबंधित मांझे के खतरे को फिर उजागर कर दिया।

Ghaziabad News: गाजियाबाद में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा 15 अगस्त की शाम एनएच-9 पर हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्त के साथ नोएडा से दिल्ली के गाजीपुर जा रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क के ऊपर लटका चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में फंस गया।

Ghaziabad Chinese Manja Death

चाइनीज मांझे ने 25 साल के युवक को बनाया अपना शिकार (प्रतीकात्मक फोटो)

बिहार के खगड़िया का रहना वाला था मृतक

मृतक की पहचान बिहार के खगड़िया निवासी रविराज के रूप में हुई है। वह नोएडा के सेक्टर-63 स्थित बहरामपुर में किराए के मकान में रहता था और ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था। शनिवार शाम वह अपने दोस्त नरेश के साथ बाइक से दिल्ली के गाजीपुर के लिए निकला था। बाइक रविराज चला रहा था और उसने हेलमेट भी पहन रखा था। दोनों युवक नोएडा के सेक्टर-43 कट से एनएच-9 पर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मांझा रविराज की गर्दन में उलझ गया। तेज धार वाले मांझे से उसकी गर्दन पर गंभीर चोट आई और वह बाइक पर ही घायल होकर गिर पड़ा। पीछे बैठे नरेश ने किसी तरह बाइक को संभाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

End of Feed