BJP 47th Foundation Day: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज प्रदेश कार्यालय में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पार्टी की यात्रा हमेशा राजनीति में ईमानदारी और सिद्धांतों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता की मिसाल रही है। उन्होंने अपने भाषण में “राष्ट्र प्रथम, फिर दल और अंत में स्वयं” के मूलमंत्र को रेखांकित किया और बताया कि यही सोच जनता के गहरे विश्वास का कारण बनी है। मुख्यमंत्री ने उन सभी कार्यकर्ताओं को भी सराहा, जिनके अथक प्रयासों ने भाजपा को विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनाने में मदद की है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
भाजपा के 47वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
सरकार सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध
सीएम ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि, दिल्ली सरकार सफाईकर्मियों की समस्याओं के समाधान की खातिर ठोस और व्यावहारिक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और इस दौरान प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी मामलों की समीक्षा करने और तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने का संबंधित विभाग को निर्देश दिया। बयान में कहा गया है कि समुदाय के समक्ष जमीनी चुनौतियों पर चिंता जाहिर करते हुए, प्रतिनिधियों ने सफाई कर्मचारियों की भर्ती और उन्हें नियमित करने के साथ-साथ कार्यस्थल सुरक्षा, वेतन संबंधी समस्याओं और अन्य सेवा शर्तों की मांग उठाई।
इसके मुताबिक, उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता को सुझाव भी दिए, जिसमें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, स्थायी रोजगार और उनके काम की प्रकृति के अनुरूप अधिक सम्मानजनक कार्य वातावरण की मांग की गई। वहीं, मुख्यमंत्री ने ’एक्स’ पर कहा, "दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और व्यवस्थित बनाए रखने में हमारे सफाई कर्मचारियों का निस्वार्थ भाव से किया गया योगदान अत्यंत सराहनीय है। यह सेवा का एक सतत संकल्प है, जो हर दिन दिल्ली के जीवन को सुगम बनाता है।" उन्होंने कहा कि उनकी हर बात को गंभीरता से लेते हुए उन्हें आश्वस्त किया गया कि सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और सभी मुद्दों के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा, "हमारी कोशिश है कि हर सफाई कर्मचारी को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर कार्य परिस्थितियां मिलें, क्योंकि उनके श्रम और समर्पण से ही दिल्ली आगे बढ़ती है।"
