शहर

Char Dham Yatra 2026: वैदिक मंत्रों के बीच खुले यमुनोत्री धाम के कपाट, आज से चारधाम यात्रा का आगाज

आज यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:35 बजे विधि-विधान के साथ खोल दिए गए। खरसाली से मां यमुना की डोली पारंपरिक विधि से धाम पहुंची। कपाट खुलने के साथ ही आज से चारधाम यात्रा का आगाज हो गया।

Yamunotri Dham: अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर आज यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही चारधाम यात्रा (char dham yatra 2026) की आधिकारिक शुरुआत हो गई। इस दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन के लिए आने लगे। अब अगले छह महीनों तक देश-विदेश से आने वाले यमुनोत्री धाम में दर्शन कर सकेंगे।

सुबह 8 बजे खुशीमठ से रवाना हुई डोली

यमुनोत्री धाम के कपाट रविवार दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ खुले। कपाट खुलने से पहले सुबह विशेष तैयारियां की गईं। मां यमुना की शीतकालीन गद्दी स्थल खरसाली (खुशीमठ) से पारंपरिक विधि-विधान के साथ डोली यात्रा रवाना हुई। शनिदेव की डोली की अगुवाई में मां यमुना की डोली निकली। सुबह करीब साढ़े आठ बजे यात्रा की शुरुआत हुई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने फूलों और जयकारों के साथ भव्य विदाई दी। पूरे इलाके में ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज सुनाई दी, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

यमुनोत्री धाम में हवन-पूजन के बाद खुले कपाट

यमुनोत्री धाम में डोली पहुंचने के बाद हवन-पूजन और विशेष पूजा-अर्चना की गई। जिसके बाद तय समय पर दोपहर 12:35 बजे श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। इस खास मौके को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे। कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की धाम में आवाजाही शुरू हो गई। हर तरफ भक्ति, आस्था और उत्साह का माहौल दिखाई दे रहा है।

चारधाम यात्रा की शुरुआत

आज से चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत हो गई है। हर साल की तरह इस बार भी इस पवित्र यात्रा को लेकर लोगों में खास उत्साह है। प्रशासन ने भी यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए खास इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान कोई परेशानी न हो।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!