शहर

Kedarnath Yatra: केदारनाथ धाम के लिए निकली बाबा केदार की डोली, 22 अप्रैल को खुलेंगे कपाट

केदारनाथ धाम के लिए ओंकारेश्वर मंदिर से आज बाबा केदारनाथ की पंचमुखी डोली रवाना हो गई। 21 अप्रैल को डोली केदारनाथ पहुंचेगी। जिसके बाद 22 अप्रैल सुबह 8 बजे केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।

Image

केदारनाथ धाम फाइल फोटो

Photo : PTI

Kedarnath Yatra 2026: केदारनाथ धाम के लिए बाबा केदार की पंचमुखी उत्सवर डोली रवाना हो गई है। ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर से आज सुबह बाबा केदार की डोली रवाना हुई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आज रात फाटा में रुकने के बाद 20 अप्रैल को डोली गौरीकुंड पहुंचेगी। जिसके बाद 21 अप्रैल को केदारनाथ पहुंचने के बाद 22 अप्रैल की सुबह मंदिर के कपाट विधि-विधान के साथ खोल दिए जाएंगे। इसी के साथ केदारनाथ यात्रा की शुरुआत हो जाएगी।

भैरवनाथ पूजा के बाद रवाना हुई डोली

शीतकाल में भगवान केदारनाथ की पूजा ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में होती है, जहां से रविवार को उनकी पंचमुखी उत्सव डोली हिमालय स्थित केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुई है। इस खास मौके पर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। डोली के प्रस्थान से पहले शनिवार को भैरवनाथ जी की विशेष पूजा हुई। इसके बाद परंपरागत रीति-रिवाजों और मंत्रोच्चार के साथ बाबा केदारनाथ की डोली ने अपनी यात्रा शुरू की। डोली के आगे बढ़ते ही श्रद्धालुओं ने ‘हर हर महादेव’ के जयकारों के साथ भावुक विदाई दी।

डोली कब पहुंचेगी केदारनाथ धाम

यात्रा के तय कार्यक्रम के अनुसार, डोली रविवार रात फाटा में विश्राम करेगी।20 अप्रैल को डोली गौरीकुंड पहुंच जाएगी, यह स्थान केदारनाथ यात्रा का अहम पड़ाव माना जाता है। जिसके बाद 21 अप्रैल को बाबा केदारनाथ की डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी। 22 अप्रैल की सुबह 8 बजे केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। इस दिन से केदारनाथ यात्रा आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगी।

प्रशासन और मंदिर समिति ने यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी न हो। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी तादाद में केदारनाथ धाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article