Chandigarh News: चंडीगढ़ पुलिस ने शहर के अंदर ड्रग्स ट्रैफिकिंग रोकने में बड़ी सफलता पाई है। पुलिस की एक टीम ने डेराबस्सी के स्थानीय बस स्टैंड के पास से नेपाली मूल की दो महिलाओं को पांच किलो चरस के साथ दबोचा है। यह दोनों चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब में सक्रिय एक ड्रग्स स्मगलिंग गिरोह से जुडी हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान 50 वर्षीय दिलमाया पत्नी शुकलाल निवासी जिला कपिलवस्तु, नेपाल और 30 वर्षीय हिकमती पुन पुत्री करुम पुन निवासी जिला रोलपा, नेपाल के रूप में हुई है। इन दोनों के पास से बरामद चरस की कीमत इंटरनेशनल मार्केट में करीब 50 लाख रुपये है।
चरस के साथ दो विदेशी महिलाएं गिरफ्तार
चंडीगढ़ पुलिस ने इन दोनों विदेशी महिलाओं पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से पूछताछ के लिए तीन दिन का रिमांड मिला है। चंडीगढ़ एएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एएसआई परमजीत सिंह और एएसआई कुलदीप सिंह की अगुवाई में पुलिस की एक टीम ने शाम के समय डेराबस्सी बस स्टैंड के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान बैग टांगे ये दोनों महिलाएं वहां पर अंबाला की तरफ से आती दिखाई दी। नजदीक आने पर पुलिस टीम ने जब इन दोनों को रोका तो दोनों वापस मुड़कर वहां से तेजी से भागने लगी।
