Tarn Taran Bypoll Result 2025: सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब की तरन तारन विधानसभा सीट पर शुक्रवार को अपना कब्जा बरकरार रखा। AAP उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की उम्मीदवार सुखविंदर कौर रंधावा को 12,091 वोटों के अंतर से हराया। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, सभी 16 दौर की मतगणना पूरी होने के बाद हरमीत सिंह संधू को 42,649 वोट मिले, जबकि रंधावा को 30,558 वोट मिले। इस जीत के बाद तरन तारन एवं चंडीगढ़ स्थित ‘आप’ कार्यालयों में जश्न मनाया गया और पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर नाचकर एवं पटाखे जलाकर खुशी जाहिर की।
सांकेतिक फोटो (PTI)
कांग्रेस और बीजेपी को कितने वोट मिले
शिरोमणि अकाली दल की रंधावा मतगणना के पहले तीन दौर में आगे थीं, लेकिन इसके बाद संधू ने बढ़त बना ली और लगातार बढ़त बनाए रखी। निर्दलीय उम्मीदवार मनदीप सिंह 19,620 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार करणबीर सिंह बुर्ज 15,078 वोट के साथ चौथे स्थान पर रहे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हरजीत सिंह संधू 6,239 मतों के साथ पांचवें स्थान पर रहे। चुनावी मैदान में कुल 15 उम्मीदवार थे।
11 नवंबर को हुए थे मतदान
तरन तारन उपचुनाव के लिए मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। मतदान मंगलवार को हुआ था जिसमें 60.95 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। तरन तारन विधानसभा सीट ‘आप’ विधायक कश्मीर सिंह सोहल के जून में निधन के बाद खाली हो गई थी। पिद्दी स्थित ‘इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ नर्सिंग’ में बनाए गए मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
(इनपुट - भाषा)
