Punjab Flood: पंजाब इन दिनों भीषण बाढ़ की चपेट में है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। अब तक बाढ़ से 37 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें सबसे अधिक 7 मौतें होशियारपुर जिले से सामने आई हैं। राज्य के 1655 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं और करीब 3,55,709 लोग इस आपदा से जूझ रहे हैं। वहीं, 1,75,216 हेक्टेयर में फैली फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।
शिवराज सिंह चौहान (फाइल फोटो)
शिवराज सिंह चौहान करेंगे दौरा
लगातार बारिश और बाढ़ के कारण अमृतसर, कपूरथला और गुरदासपुर जैसे जिलों में खेत जलमग्न हो गए हैं। हजारों किसान अपनी बर्बाद फसलों को देखकर मायूस हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में घरों और मवेशियों पर भी संकट मंडरा रहा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को पंजाब का दौरा करेंगे।
किसानों से सीधे बातचीत
शिवराज सिंह चौहान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाकर किसानों से सीधे बातचीत करेंगे और नुकसान का आकलन करेंगे। वे अमृतसर, गुरदासपुर और कपूरथला के गांवों का दौरा कर वहां की स्थिति का जायजा लेंगे। इसके बाद राज्य के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक होगी, जिसमें राहत और पुनर्वास के कार्यों को लेकर रणनीति तय की जाएगी।
सीमावर्ती जिलों में हाल बेहाल
मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पंजाब के सीमावर्ती जिलों में हालात जल-प्रलय जैसे हो गए हैं। डेढ़ लाख हेक्टेयर से ज्यादा फसलों को नुकसान पहुंचा है। इस मुश्किल वक्त में केंद्र सरकार पूरी तरह से पंजाब के किसानों और जनता के साथ खड़ी है। राज्य सरकार के सहयोग से हरसंभव मदद दी जाएगी ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। इस दौरे को किसानों और आम जनता के लिए एक नई उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि केंद्रीय मंत्री न केवल जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे बल्कि केंद्र की ओर से मदद का भरोसा भी दिलाएंगे।
