Chandigarh: पंजाब की सरकारी बस में अब सफर करना महंगा पड़ने वाला है। पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (पीआरटीसी) बसों का किराया बढ़ाने जा रहा है। इसके लिए पीआरटीसी द्वारा प्रस्ताव भी तैयार कर लिया गया है। जिसके अनुसार बसों के किराया में 10 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से वृद्धि की जाएगी। पीआरटीसी ने यह प्रस्ताव पंजाब सरकार को भेज दिया है। वहां से हरी झंडी मिलते ही बसों में किराया बढ़ोत्तरी लागू कर दिया जाएगा। इस प्रस्ताव की जानकारी देते हुए पीआरटीसी के जनरल मैनेजर (ऑपरेशन) सुरिंदर सिंह ने सरकार को बस का किराया बढ़ाने का प्रपोजल भेजा गया है। डीजल का रेट बढ़ने के कारण बसों के किराया में यह बढ़ोत्तरी की जा रही है। उम्मीद है कि सरकार की तरफ से जल्द मंजूरी मिल जाएगी।
पीआरटीसी बस
बता दें कि पंजाब सरकार ने बीते सप्ताह ही डीजल के रेट में 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की है। जिसके बाद यहां डीजल 88.34 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। इस बढ़ोत्तरी का असर पीआरटीसी पर भी पड़ा है। पीआरटीसी अधिकारियों के अनुसार इस समय 1238 बसें रोजाना विभिन्न रूटों पर चलती हैं। इन बसों को चलाने के लिए रोजाना करीब 86 लाख रुपये डीजल खर्च आता है। डीजल के रेट में बीते दिनों हुई बढ़ोत्तरी के बाद रोजाना डीजल पर 80 हजार रुपये अधिक खर्च करना पड़ रहा है। ऐसे में पहले से आर्थिक तंगी से जूझ रहे पीआरटीसी ने किराया बढ़ोत्तरी का फैसला किया है।
