Chandigarh: शुक्रवार को चंडीगढ़ में स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय की बिल्डिंग में बम की धमकी मिली। इस नौ मंजिला इमारत में बम रखे जाने की धमकी वाला ई-मेल मिलने के बाद दोपहर इमारत को खाली करा लिया गया और इसकी जांच की गई।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और पुलिस के जवान परिसर की तलाशी ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि बम की धमकी के बारे में अलर्ट हरियाणा CID ने जारी किया था।
अधिकारियों ने बताया कि सचिवालय के नजदीक ही स्थित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास के पास भी सुरक्षाकर्मियों ने तलाशी ली। अधिकारियों ने बताया कि बम की धमकी वाले ईमेल के बाद शुक्रवार को हरियाणा सिविल सचिवालय परिसर खाली करा लिया गया। सुरक्षाकर्मियों ने लाउडस्पीकर के जरिए घोषणा करते हुए लोगों से एहतियात के तौर पर परिसर खाली करने का आग्रह करते नजर आए।
चंडीगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक उदयपाल सिंह ने बताया, "हरियाणा सिविल सचिवालय को खाली करा लिया गया है। सीआईएसएफ और चंडीगढ़ पुलिस के जवानों ने घोषणा कर अंदर मौजूद लोगों को बाहर आने को कहा।"
हरियाणा सिविल सचिवालय में CISF के जवान चौबीस घंटे तैनात रहते हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, अग्निशमन दल, एम्बुलेंस, त्वरित प्रतिक्रिया दल और श्वान दस्ता उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में स्थित सचिवालय परिसर में पहुंच गए।
इससे पहले 22 मई को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय को भी बम की धमकी वाला एक ऐसा ही ईमेल मिला था, जिसके बाद चंडीगढ़ पुलिस को कुछ समय के लिए न्यायालय परिसर को खाली करवाना पड़ा था। हालांकि, बाद में बम की धमकी अफवाह साबित हुई।
(इनपुट-भाषा)
