Chandigarh Temperature : चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। शहर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आने से ठिठुरन बढ़ गई है। सोमवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 11.1 डिग्री दर्ज किया गया था, जो बीते तीन साल में सबसे कम था। इससे पहले दिसंबर 2019 में चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इस बीच मौसम विभाग ने बारिश की संभावना भी व्यक्त की है। मौसम विभाग के अनुसार, चंडीगढ़ में नए साल पर हल्की बारिश हो सकती है, इस दौरान पहाड़ों पर बर्फबारी भी देखने को मिलेगी।
चंडीगढ़ में धुंध के बीच सड़क र जाता एक व्यक्ति
सोमवार को सुबह गहरी धुंध छाई रही, जिसकी वजह से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन चालक गाड़ियों की लाइट जलाकर चलने को मजबूर थे। सुबह करीब 11 बजे धुंध कम हुई, लेकिन आसमान में छाये बादलों की वजह से धूप नहीं निकली। दिनभर चली शीतलहर के कारण लोग ठिठुरते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार 29 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो जाएगा। जिसकी वजह से चंडीगढ़ में हल्की बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
