हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक बोलेरो बेकाबू होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी लोग मुंडन संस्कार कार्यक्रम से वापस आ रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
छतरूंड के पास करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
जानकारी के अनुसार, यह हादसा मसरूंड-हमल मार्ग पर छतरूंड के पास रात करीब 2 बजे हुआ। यह हादसा इतना भयावह था कि खाई में गिरने के बाद वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी में सवार सभी लोग महल गांव के निवासी थे। हादसे में तीन महिलाओं और तीन पुरुषों समेत कुल सात लोगों की जान चली गई। एक ही गांव के कई लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लेकिन अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनी,जिसके बाद वे तुरंत मदद के लिए पहुंचे और खाई से शवों को बाहर निकालने में सहयोग किया।
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
चंबा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि 7 लोगों की मौत हुई है। घटनास्थल पर पुलिस टीम पहुंच चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। मृतकों की पहचान और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों में हादसे के बाद भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और क्रैश बैरियर नहीं होने के कारण यह भीषण हादसा हुआ। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
