नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने एक्वा लाइन मेट्रो कॉरिडोर के विस्तार को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक 8.449 किलोमीटर लंबे नए मेट्रो कॉरिडोर को हरी झंडी दे दी है। इस रूट पर कुल 5 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। इस कॉरिडोर के शुरू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में एक्टिव मेट्रो नेटवर्क की लंबाई बढ़कर 71.878 किलोमीटर हो जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया। इस विस्तार से ग्रेटर नोएडा वेस्ट यानी नोएडा एक्सटेंशन के लोगों को मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने का रास्ता साफ हो गया है। अभी इस इलाके के कई आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों से मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए लोगों को सड़क परिवहन पर निर्भर रहना पड़ता है। नए कॉरिडोर से रोजगार, कारोबार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।
