Heatwave : देशभर में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। कुछ जगहों पर 48 डिग्री वाले तापमान का टॉर्चर जारी है। हीटवेव, उमस और तेज तपिश से लोगों का हाल बेहाल हो रहा है। कई राज्यों में तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों तथा प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में अगले छह से सात दिनों के दौरान लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि 22 से 28 मई तक उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में लू चलने की आशंका है।
बर्निंग @48 डिग्री की मार
बांदा का तापमान
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश के बांदा में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही और जौनपुर जिलों के लिए ’रेड अलर्ट’ जारी किया गया है, जहां दिन के दौरान भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। बांदा में राज्य का सबसे अधिक तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज में 46.6 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी (बीएचयू) में 45.6 डिग्री सेल्सियस, सुल्तानपुर और हमीरपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस, फुर्सतगंज में 45.1 डिग्री सेल्सियस और झांसी में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक था।
मौसम विभाग ने बताया कि इसी अवधि के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में भीषण लू चलने का अनुमान है। आईएमडी ने 22 से 28 मई के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में लू चलने की प्रबल संभावना जताई है। इन क्षेत्रों के कुछ इलाकों में 24 से 27 मई के बीच भीषण लू की स्थिति हो सकती है। आईएमडी के अनुसार, "राजस्थान के कुछ हिस्सों में 22 से 28 मई के दौरान लू चलने का पूर्वानुमान है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में 24 से 28 मई के दौरान भीषण लू की स्थिति रह सकती है।
किन राज्यों में लू का अलर्ट
विभाग के मुताबिक, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में 22 से 28 मई के बीच अलग-अलग तारीखों पर लू या भीषण लू की स्थिति रहने का पूर्वानुमान है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ इलाकों में 22 से 24 मई तक, ओडिशा में 22 से 26 मई तक और तेलंगाना में 22 तथा 23 मई को रात के समय भी मौसम बेहद गर्म रहने का अनुमान है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
