शहर

Patna: पटना में NEET छात्रा का फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी बिहार पुलिस

Patna News: पटना में एक नीट (NEET) छात्रा की लाश हॉस्टल के कमरे में लटकी मिली है। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Image

पटना में नीट छात्रा ने की सुसाइड (फोटो- ANI)

Patna: बिहार की राजधानी पटना (Patna) के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र स्थित सचिवालय कॉलोनी से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट' (NEET) की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा श्रुति कुमारी की लाश, उसके होस्टल में लटकी मिली है। मंगलवार को सचिवालय कॉलोनी के मकान नंबर 2A/26 में स्थित 'राधे कृष्णा हॉस्टल' के एक कमरे में उसकी लाश फंदे से लटकी हुई बरामद की गई।

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस के अनुसार, छात्रा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी और उसने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह पिछले वर्ष दिसंबर में घर जाने के बाद करीब 10 दिन पहले ही वापस छात्रावास लौटी थी। पटना सदर के पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अभिनव कुमार ने बताया कि पत्रकार नगर थाना पुलिस को सुबह करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि छात्रावास की अन्य छात्राओं ने उसके कमरे में छत से लटका हुआ शव देखा है।

उन्होंने बताया, ’’सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रावास परिसर को सील कर दिया गया। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है तथा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।’’

किन-किन पहलुओं की जांच?

एएसपी ने कहा कि पुलिस ने छात्रा का पहचान पत्र, नोट्स, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि छात्रा के परिजनों और अस्पताल प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है। उसके माता-पिता के पटना पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है, जबकि अन्य रिश्तेदार वहां पहुंच चुके हैं। कुमार ने कहा, ’’अब तक परिजनों ने किसी प्रकार की साजिश या हत्या की आशंका व्यक्त नहीं की है, लेकिन मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी। फिलहाल पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है।’’

खाना खाने के बाद सोने गई फिर...

मृतक श्रुति कुमारी मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर की रहने वाली थी और वह साल 2024 से इसी हॉस्टल में रहकर अपनी पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात को खाना खाने के बाद श्रुति सोने चली गई थी। श्रुति महज 10 दिन पहले ही अपने गांव से छुट्टियां बिताकर वापस पटना लौटी थी।

Utkarsh Singh
उत्कर्ष सिंहauthor

मैं पिछले 16 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहा हूं। देश के बड़े मीडिया हाउस में पत्रकारिता का अनुभव रहा है। जीवन में कई महत्वपूर्ण खबरों को ब्रेक करने से लेकर उसे लोगों तक पहुंचाया है। पत्रकारिता मेरे लिए एक जूनून है और सही खबरों को लोगों तक पहुंचाना मेरा पेशा।

और पढ़ें
End of Article