देश

'व्हाट्सएप ग्रुप से हटा दिया, अलग रूम में बुलाकर मुझे टॉर्चर किया', स्कूल फीस के दबाव से परेशान छात्रा ने की आत्महत्या

Amritsar Girl Student Suicide: अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित एक प्राइवेट स्कूल की 17 वर्षीय छात्रा स्कूल प्रबंधन के मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले अस्पताल से सामने आए एक वीडियो में छात्रा ने आरोप लगाया कि 20 हजार रुपये की बकाया फीस के लिए स्कूल की प्रिंसिपल और क्लास टीचर ने उसे बुरी तरह मेंटल टॉर्चर किया, क्लास के ग्रुप से हटाया और अलग कमरे में ले जाकर प्रताड़ित किया।

Image

स्कूल प्रबंधन के कथित मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर छात्रा ने की आत्महत्या। istock

Photo : iStock

Amritsar Girl Student Suicide: अमृतसर से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक प्राइवेट स्कूल (फतेहगढ़ चूड़ियां रोड) की 17 वर्षीय छात्रा अमजोत कौर ने स्कूल प्रबंधन के कथित मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अमृतसर के 88 फीट रोड क्षेत्र की रहने वाली अमजोत अपनी मासी सरबजीत कौर के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी।

स्कूल ने फीस के लिए किया मेंटल टॉर्चर: छात्रा

मरने से पहले अस्पताल में बनाए एक भावुक वीडियो में छात्रा ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 11 मई को उसे स्कूल बुलाकर फीस के लिए बुरी तरह मेंटल टॉर्चर किया गया, उसे क्लास के व्हाट्सएप ग्रुप से हटा दिया गया और प्रिंसिपल उसे प्रताड़ित करने के लिए एक अलग कमरे में भी लेकर गई थीं।

परिजनों के अनुसार, स्कूल प्रबंधन करीब 20 हजार रुपये की बकाया फीस जमा करवाने के लिए छात्रा पर लगातार दबाव बना रहा था, जिसे वह बर्दाश्त नहीं कर पाई और उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

इस मामले में मृतका की मासी सरबजीत कौर ने स्कूल की प्रिंसिपल और क्लास टीचर पर प्रताड़ना के सीधे आरोप लगाए हैं, वहीं मृतका के पिता ने पुलिस को दिए बयान में और भी चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

'स्कूल ने नहीं दिया 11वीं पास का सर्टिफिकेट'

पिता का आरोप है कि 11वीं पास करने के बाद स्कूल अमजोत को सर्टिफिकेट नहीं दे रहा था और फीस न चुका पाने के कारण प्रबंधन उस पर चरित्रहीनता के झूठे आरोप लगाकर अपने निजी काम करवा रहा था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि छात्रा के पिता के बयानों और सुसाइड नोटनुमा वीडियो के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और प्रशासन ने दावा किया है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article