बोकारो : झारखंड के बोकारो में पिस्तौल से गोली चलने के कारण साढ़े तीन साल के मासूम की मौत हो गई। घटना माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट स्थित रांची मोहल्ले की है। मृतक की पहचान साहिल राम के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि बच्चा अपने मामा राजेश कुमार से चॉकलेट मांग रहा था। इसी दौरान मामा ने उसे खेलने के लिए पिस्तौल थमा दी। अचानक गोली चलने से बच्चे के सिर में गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बोकारो में पिस्तौल से गोली चलने के कारण बच्चे की मौत
घटना के बाद परिजन बच्चे को आनन-फानन में बोकारो जनरल अस्पताल ले गए। इसके बाद उसे चास स्थित मुस्कान अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार में मातम पसरा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - ओवैसी की तारीफ में BJP के किरेन रिरिजू ने पढ़े कसीदे, विपक्ष को दी AIMIM चीफ से सीखने की नसीहत
मां ने कहा- पिस्तौल असली होने की जानकारी नहीं थी
मृतक की मां शोभा देवी के मुताबिक, उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि बच्चे के हाथ में दी गई पिस्तौल असली है। चॉकलेट मांग रहे मासूम के साथ हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस ने पिस्तौल जब्त कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पिस्तौल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद बच्चे का मामा अस्पताल से फरार हो गया। हालांकि, मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मामा राजेश कुमार के पास पिस्तौल कहां से आई और किन परिस्थितियों में गोली चली। साढ़े तीन साल के बच्चे की मौत के बाद हथियारों को लेकर बरती गई कथित लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं।
