मध्य प्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती यानी जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को धार में राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर धार में रोड शो करेंगे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर सरकारी योजनाओं के लाभ का फीडबैक लेंगे।
1.26 लाख किसानों को सिंचाई योजना की सौगात देंगे सीएम डॉ. मोहन यादव
इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण 1353.18 करोड़ रुपये की डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण होगा। इस परियोजना से धार और आलीराजपुर जिले के 126 गांवों की करीब 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे लगभग 1.26 लाख किसानों को लाभ पहुंचने का अनुमान है।
राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह 14 से 16 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार और आलीराजपुर जिले के जोबट तथा 16 नवंबर को खंडवा में कार्यक्रम होंगे। धार में होने वाले आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव भी समारोह में शामिल होंगे।
1353 करोड़ की परियोजना से दो जिलों के किसानों को फायदा
डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन प्रोजेक्ट का निर्माण नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण ने करीब 1353.18 करोड़ रुपये की लागत से कराया है। निर्माण कार्य 30 जून 2026 को पूरा हो चुका है और फिलहाल परियोजना की टेस्टिंग चल रही है। इसके जरिए नर्मदा नदी से 166.51 मिलियन घनमीटर पानी उठाकर 47 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सूक्ष्म सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
परियोजना से धार जिले के 84 और आलीराजपुर के 42 गांव लाभान्वित होंगे। धार की कुक्षी तहसील में 13,180 हेक्टेयर और डही तहसील में 15,895 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। वहीं आलीराजपुर जिले की जोबट, सोण्डवा और आलीराजपुर तहसीलों में क्रमशः 15,963, 1,759 और 1,958 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी।
अंडरग्राउंड पाइपलाइन से खेतों तक पहुंचेगा नर्मदा का पानी
परियोजना में कातरखेड़ा के पास नर्मदा नदी पर बनी इंटेक संरचना से पानी उठाया जाएगा। इसके लिए पांच पंप हाउस, करीब 58 किलोमीटर राइजिंग मेन और दबावयुक्त अंडरग्राउंड पाइपलाइन का नेटवर्क तैयार किया गया है। परियोजना के संचालन के लिए 58.87 मेगावाट बिजली की आपूर्ति सुसारी और जोबट सब-स्टेशन से होगी।
85 ग्राम पंचायतों में लगेंगी कृषि चौपाल
किसानों को आधुनिक खेती और जल प्रबंधन की जानकारी देने के लिए 11 से 15 नवंबर तक परियोजना क्षेत्र की 85 ग्राम पंचायतों में कृषि चौपाल और पाठशालाएं आयोजित होंगी। धार के समारोह स्थल पर स्मार्ट किसान और प्रेसिजन फार्मिंग की लाइव प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग आधुनिक तकनीकों और आय बढ़ाने के विकल्पों की जानकारी देंगे।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत पात्र पट्टाधारियों के प्लॉट और मकानों की रजिस्ट्री की जाएगी।
