Bihar News: बिहार की सियासत में पिछले कुछ दिनों से जारी उथल-पुथल के बाद अब सत्ता के गलियारों से सौहार्द और 'गठबंधन धर्म' की एक नई तस्वीर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद सम्राट चौधरी से मिलने पहली बार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनके आवास पहुंचे। शनिवार को हुई इस मुलाकात ने बिहार की राजनीति में 'नीतीश मॉडल' और 'अभिभावक' की भूमिका को और मजबूती से स्थापित कर दिया है।
5 देशरत्न मार्ग पर नीतीश का स्वागत
शनिवार की सुबह जैसे ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का काफिला 5 देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ा, सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई। नीतीश कुमार के साथ डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आवास के द्वार पर नीतीश कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया। सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों में सम्राट चौधरी हाथ जोड़कर नीतीश कुमार को प्रणाम करते नजर आए, वहीं नीतीश कुमार ने बड़े भाई और अभिभावक की तरह उनके कंधे पर हाथ रखा।

सम्राट चौधरी ने झुककर किया प्रणाम, नीतीश ने कंधे पर रखा हाथ (X/@NitishKumar)
20 मिनट की 'बंद कमरा' चर्चा और सियासी मायने
दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत हुई। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसे एक शिष्टाचार मुलाकात बताया गया है, लेकिन राजनैतिक गलियारों में चर्चा है कि सरकार के आगामी स्वरूप और एनडीए गठबंधन के भीतर भूमिकाओं को लेकर गहन विमर्श हुआ है। गौरतलब है कि 15 अप्रैल को शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी की टीम में अभी केवल दो मंत्री (विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र यादव) शामिल हैं। माना जा रहा है कि अगले महीने होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई होगी।

बंद कमरे में करीब 20 तक हुई बैठक (X/@NitishKumar)
जारी रहेगी 'नीतीश नीति' और शराबबंदी
बिहार में पहली बार भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार बनी है, लेकिन NDA ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकार 'नीतीश मॉडल' पर ही चलेगी। नीतीश कुमार को सरकार के 'अभिभावक' के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी साफ संकेत दिए हैं कि राज्य में शराबबंदी कानून न केवल जारी रहेगा, बल्कि जरूरत पड़ने पर इसे और सख्त बनाया जाएगा। नीतीश कुमार की योजनाओं और नीतियों को प्राथमिकता देना इस नई सरकार का मुख्य संकल्प है।
मुलाकात के बाद जनता दरबार में 'सम्राट'
नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीधे 'जनता दरबार' पहुंचे। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें फूल, बुके और गमछा भेंट कर मुख्यमंत्री बनने की बधाई दी। एक नागरिक ने उन्हें भगवान की तस्वीर भी भेंट की। लोगों की फरियाद सुनते हुए सम्राट चौधरी ने संकेत दिया कि वे शासन में सक्रियता और पारदर्शिता के नीतीश कुमार के नक्शेकदम पर ही आगे बढ़ेंगे।
