Begusarai News: बिहार के बेगूसराय जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। DIU, बेगूसराय जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली बिनीता भारती को पकड़ा है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बरौनी थाना क्षेत्र के बथौली गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया है। बिनीता लंबे समय से फरार चल रही थी और पुलिस उसकी तलाश में थी।
बेगूसराय में एक लाख की इनामी महिला नक्सली बिनीता भारती गिरफ्तार
कई नामों से पहचान, पांच FIR दर्ज
गिरफ्तार महिला की पहचान दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के लालपुर शिवराम निवासी बिनीता भारती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह श्वेता, अनीता, प्रतिमा और कल्पना जैसे अलग-अलग नामों का भी इस्तेमाल करती थी। उसके खिलाफ अलग-अलग मामलों में कुल पांच प्राथमिकी (FIR) दर्ज हैं। इन मामलों में उसकी संलिप्तता को लेकर पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
4 मई 2026 को घोषित हुआ था एक लाख का इनाम
जानकारी के मुताबिक, बिहार पुलिस मुख्यालय के आईजी अभियान की ओर से 4 मई 2026 को बिनीता भारती की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके बाद से ही पुलिस की विशेष टीमें उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं। इसी दौरान पुलिस को उसके बेगूसराय के बथौली गांव में मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली। पुख्ता सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने गांव में दबिश देकर उसे दबोच लिया।
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब बिनीता भारती के आपराधिक इतिहास और उसकी पूर्व की गतिविधियों की जांच कर रही है। साथ ही, उसके अलग-अलग नामों के इस्तेमाल और उसके खिलाफ दर्ज पांचों FIR में भूमिका को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस अन्य संभावित मामलों में उसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से जिले में नक्सल गतिविधियों पर लगाम कसने में मदद मिलेगी।
