बिहार में गजब की चोरी! बक्सर में सरेआम गायब हो गया 40 मीटर ऊंचा पूरा मोबाइल टावर; जांच में जुटी पुलिस

Bihar News: बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव में चोरों ने कमाल कर दिया। यहां चोरों ने सरेआम 40 मीटर ऊंचा पूरा मोबाइल टावर, जेनरेटर और कीमती उपकरण गायब कर दिए। जब कंपनी की टीम टावर चालू करने पहुंची, तो वहां सिर्फ खाली प्लॉट मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Bihar News: बिहार में चोरों के अतरंगी कारनामों की फेहरिस्त में एक और हैरान कर देने वाला मामला जुड़ गया है। बक्सर जिले के डुमरांव कस्बे से एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस प्रशासन से लेकर आम लोगों तक का सिर चकरा दिया है। यहां चोरों ने किसी घर या दुकान में नहीं चोरी की, बल्कि 40 मीटर यानी करीब 130 फीट ऊंचे पूरे मोबाइल टावर को ही गायब कर दिया। चोर सिर्फ टावर ही नहीं, बल्कि उसके साथ लगा 15 KVA का भारी-भरकम डीजल जेनरेटर और अन्य जरूरी टेलीकॉम उपकरण भी उखाड़ ले गए। इस अजीबोगरीब चोरी का खुलासा तब हुआ जब टेलीकॉम कंपनी की टीम बंद पड़े टावर को दोबारा सक्रिय करने के लिए मौके पर मुआयना करने पहुंची।

Buxar mobile tower theft news

बक्सर से गायब हो गया 130 फीट का टावर (सांकेतिक चित्र)

जब टावर की जगह मिला सिर्फ 'खाली प्लॉट'

यह पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब जीटीएल (GTL) इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के अधिकारी और तकनीकी टीम वार्ड नंबर 18 स्थित परसमनिया क्षेत्र के पास साइट निरीक्षण करने पहुंचे। यह टावर पिछले कुछ सालों से तकनीकी कारणों की वजह से गैर-ऑपरेटिव यानी बंद पड़ा था। कंपनी की टीम जब मौके पर पहुंची, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जहां एक विशालकाय मोबाइल टावर खड़ा होना चाहिए था, वहां केवल एक खाली प्लॉट नजर आ रहा था। कंपनी के लैंड एंड ऑपरेशंस ऑफिसर बैजनाथ ओझा ने तुरंत इस मामले की शिकायत डुमरांव थाने में दर्ज कराई।

End of Feed