बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक बयान ने विपक्ष को सरकार पर हमला बोलने का मौका दे दिया है। दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं बची है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि राज्य में अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है। क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं। उनके इस बयान पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने उन्हें घेर लिया है। पार्टी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री का वीडियो साझा करते हुए न केवल उन पर, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा।
तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर निशाना साधा।(फोटो सोर्स: ANI)
सम्राट चौधरी ने क्या कहा?
दिल्ली में एक समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में अपराध के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बिहार में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार चल रहा है और कानून-व्यवस्था के मामले में सरकार किसी तरह की रियायत देने के मूड में नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अपराधियों की पहचान के लिए आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे संदिग्धों की पहचान कर तेजी से कार्रवाई की जा सके।उन्होंने कहा, 'हमारे यहां कोई अपराध नहीं है, अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है। क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं। कोई अपराधी नहीं।' सम्राट चौधरी ने आगे बोलते हुए कहा कि राज्य में अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। जो भी कानून तोड़ेगा या गलत गतिविधियों में शामिल पाया जाएगा, उसे जेल भेजा जाएगा। ऐसे लोगों के लिए जेल के अलावा कोई दूसरा ठिकाना नहीं है।
