शहर

Badrinath मंदिर चंदा चोरी मामले में आरोपी प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार

बदरीनाथ धाम चंदा चोरी मामले में आरोपी प्रमोद नौटियाल को SIT ने राजधानी देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आज यानी सोमवार 13 जुलाई को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Image

बदरीनाथ मंदिर चंदा चोरी मामले में आरोपी प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार

बदरीनाथ धाम चंदा चोरी मामले में आरोपी प्रमोद नौटियाल को SIT ने देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। राज्य पुलिस ने इस संबंध में जानकारी दी है। आरोपी को आज गोपेश्वर की अदालत में पेश किया जाएगा। उत्तराखंड पुलिस का कहना है कि SIT आरोपी की पुलिस हिरासत की मांग करेगी।

उत्तराखंड पुलिस के अनुसार, आरोपी का पता लगाने के लिए कई टीमें बनाई गई थीं। आरोपी को आखिरकार देहरादून में ट्रेस किया गया। जिसके बाद SIT की एक टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की पूछताछ के बाद, रविवार रात 9:45 बजे से 10:15 बजे के बीच उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के दफ्तर लेकर जा रही है।

इस कथित चंदा चोरी मामले में पुलिस टीम लगातार आरोपी प्रमोद नौटियाल की तलाश कर रही थी। इस दौरान उसके उसके संभावित छिपने की जगहों पर छापेमारी की गई। आखिरकार पुलिस को रविवार रात सफलता मिली और उसे देहरादून से हिरासत में ले लिया गया।

अयोध्या में राम मंदिर चंदा चोरी मामला सामने आने के कुछ ही दिन बाद बदरीनाथ में भी चंदा चोरी का यह मामला सामने आया था। मंदिर में आने वाले चढ़ावे के रखरखाव और जमा करने की प्रक्रिया के दौरान वित्तीय अनियमितता की शिकायत मिली थी। शिकायत मिलने के बाद मामले में जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में चढ़ावे की राशि में गड़बड़ी के संकेत सामने आने के बाद संबंधित कर्मचारी के किलाफ केस दर्ज किया गया। इसके बाद से ही आरोपी प्रमोद नौटियाल फरार चल रहा था, जिसे पुलिस की स्पेशल टीम ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ के बाद इस पूरे मामले में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच होगी। मामले से जुड़े दस्तावेज, रिकॉर्ड और वित्तीय लेन की भी बारिकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियम के अनुसार कड़ी कार्रवाई होगी।

बता दें कि चढ़ावे में हेराफेरी की जांच के दौरान पुलिस को 25 जून की सीसीटीवी फुटेज में आरोपी नोटों की गड्डी ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने बीकेटीसी से मामले की आंतरिक जांच रिपोर्ट मांगी और अन्य दस्तावेज भी कब्जे में लेकर अपनी जांच को आगे बढ़ाया।

इससे पहले, उत्तराखंड पुलिस ने दावा किया था कि सीसीटीवी फुटेज में निलंबित बीकेटीसी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को मंदिर के चंदा गिनती कक्ष से नकदी, सोने-चांदी के सिक्के, शालिग्राम पत्थर और भेंट के लिफाफे 'संदिग्ध तरीके से छिपाते या चुराते' हुए देखा गया था। उत्तराखंड पुलिस के अनुसार, कथित आरोपी को चंदा गिनती कक्ष और अपने कार्यालय के बीच बार-बार आते-जाते देखा गया, जिससे जांचकर्ताओं को उस पर शक हुआ कि चुराए गए सामान को वहीं छिपाया जा रहा था।

बता दें कि आरोपी प्रमोद नौटियाल ने गिरफ्तारी से पहले ही बीकेटीसी से अपने निलंबन और अपने खिलाफ दर्ज FIR को चुनौती देते हुए उत्तराखंड हाई कोर्ट का रुख किया था। इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने की, जिन्होंने बीकेटीसी को अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। इस मामले में अगली सुनवाई 16 जुलाई को होनी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article