बिहार में आज का मौसम (27 July 2026): बिहार में बीते कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश में नमी वाली हवाओं के प्रभाव और स्थानीय स्तर पर गर्मी बढ़ने के कारण कहीं तेज धूप खिल रही है, तो कहीं अचानक बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश शुरू हो जा रही है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 26 जिलों में गरज-चमक और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है (Bihar Weather Today)। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात (बिजली गिरने) की भी आशंका जताई गई है।
26 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश अलर्ट
IMD के अनुसार, बाकी बचे 12 जिलों में मौसम मुख्य रूप से सामान्य रहने की उम्मीद है, हालांकि बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी से इंकार नहीं किया जा सकता।
28 जुलाई को इन 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 28 जुलाई को राज्य के पांच प्रमुख जिलों—गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली और पश्चिम चंपारण में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में न जाने की सलाह दी गई है।
24 घंटे में कैसा रहा तापमान और बारिश का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के केवल कुछ ही हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। जहानाबाद में 4.5 मिमी, शेखपुरा में 3 मिमी, पटना के बाढ़ क्षेत्र में 2.2 मिमी और वैशाली में 0.2 मिमी बारिश हुई। राज्य में पारे की बात करें तो अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि कैमूर 38.0 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।
राज्य में अब भी 37% कम बारिश
मानसून सीजन के दौरान बिहार में अब तक 442.3 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन केवल 277.5 मिमी वर्षा ही दर्ज की गई है। यानी राज्य में सामान्य से 37 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मानसून की इस कमजोरी के कारण राज्य भर में कृषि कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं और किसान अच्छी बारिश की आस लगाए बैठे हैं।
राजधानी पटना में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी पटना में आज मौसम मुख्य रूप से सामान्य रहेगा। दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, भारी बारिश की संभावना कम है, जिससे उमस और गर्मी का प्रभाव बना रह सकता है।
