बिहार का मौसम ( 16 April 2026 Bihar Weather Today): बिहार में अप्रैल माह में ही झुलसाने वाली गर्मी पड़ने लगी है। खासतौर से दक्षिणी हिस्से में गर्मी का प्रभाव ज्यादा है। यहां कुछ जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है। बिहार में बुधवार को सबसे गर्म शहर रोहतास का डेहरी रहा, जहां का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पटना और औरंगाबाद जैसे जिलों में भी सूरज के तीखे तेवर देखने को मिल रहे हैं। हालांकि कल से बिहार के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने वाला है। IMD ने सीमांचल जिलों में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना जताई है।
बिहार में 16 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में आज भी सभी जिलों में मौसम साफ व शुष्क बने रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी परेशान कर सकती है। गुरुवार को पटना, गया, नालंदा, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, अरवल, नवादा, बेगूसराय जैसे दक्षिणी जिलों में गर्मी अधिक महसूस हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच जर्द किया जा सकता है, शेष जगहों पर 34 से 36 डिग्री के बीच दिन का तापमान दर्ज होने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान आज सभी जगहों पर 22 से 24 डिग्री के बीच बना रह सकता है।
बिहार में दो दिन बारिश के आसार
IMD ने अगले दो दिन बिहार के कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई है। जिनमें अररिया, किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया शामिल हैं। इन जिलों में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। कहीं-कहीं छिटपुट बारिश होने का भी अनुमान है। इन जिलों में मौसम में बदलाव होने के चलते तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस दौरान शेष हिस्सों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। साथ ही तेज गर्मी भी सताएगी।
18 अप्रैल को बिहार में लू का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 18 अप्रैल से बिहार के दक्षिणी और मध्य जिलों में कई जगहों पर लू का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। इस दौरान भोजपुर, बक्सर, औरंगाबाद और कैमूर जैसे जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया जा सकता है। गर्म हवाओं के थपेड़ों और तेज धूप के कारण दोपहर में घर से बाहर निकलना भी नुकसानदायक हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
