बिहार में आज का मौसम (12 Apr 2026): बिहार में बारिश का दौर खत्म हो चुका है। वैशाख की शुरुआत से पहले ही सूर्यदेव के तेवर तल्ख हो गए हैं। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में पारा तेजी से ऊपर चढ़ा है, जिससे यह साफ हो गया है कि इस बार गर्मी समय से पहले ही अपने 'रौद्र रूप' में आने वाली है। मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अगले 72 से 96 घंटों के भीतर बिहार के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की भारी उछाल देखने को मिल सकती है।
बिहार में 40 डिग्री की ओर बढ़ रहा तापमान
डेहरी बना 'हॉटस्पॉट', दक्षिण बिहार में लू की आशंका (Bihar Weather Update)
वर्तमान में रोहतास का जिला मुख्यालय डेहरी प्रदेश का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है, जहां तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पटना, गया और भागलपुर जैसे प्रमुख शहरों में भी गर्मी ने लोगों को पसीना-पसीना करना शुरू कर दिया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि पछुआ हवाओं के प्रभाव से 15 अप्रैल तक राज्य के कई हिस्सों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है। विशेष रूप से दक्षिण और मध्य बिहार में 'लू' (Heatwave) चलने की प्रबल आशंका है।
18 अप्रैल तक बारिश के आसार नहीं (IMD Rain Forecast)
राहत की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के लिए मौसम केंद्र का पूर्वानुमान थोड़ा चिंताजनक है। आगामी 18 अप्रैल तक प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। आसमान साफ रहने और तेज धूप के कारण उमस और तपिश दोनों में बढ़ोतरी होगी। इसका सीधा असर जनजीवन के साथ-साथ खेती-किसानी पर भी पड़ने वाला है।
दोपहर 12 से 4 बजे तक रहें सतर्क (Heatwave Alert in Bihar)
बढ़ती गर्मी और संभावित हीट स्ट्रोक (Heat Stroke) को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। डॉक्टरों का कहना है कि दिन में भरपूर पानी पिएं। नींबू-पानी, लस्सी और ओआरएस (ORS) का नियमित सेवन करें। यदि दोपहर में बाहर निकलना जरूरी हो, तो छाते या सूती गमछे का प्रयोग जरूर करें।
किसानों के लिए जरूरी 'एडवाइजरी'
कृषि विभाग ने बढ़ते तापमान को देखते हुए किसानों को गेहूं, चना और अरहर जैसी तैयार फसलों की कटाई जल्द से जल्द निपटाने की सलाह दी है। तेज धूप फसल की गुणवत्ता खराब कर सकती है। इसके अलावा, आम और लीची के बागवानों को फल झड़ने से रोकने के लिए सिंचाई और दवाओं के छिड़काव पर ध्यान देने को कहा गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
