बिहार में आज का मौसम (06 Feb 2026): बिहार में ठंड के तेवर ढीले पड़े हुए हैं। सिर्फ सुबह और शाम में ठंड महसूस हो रही है। दिन में तेज धूप के कारण सर्दी से राहत बनी हुई है। तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी हो रही है। फिलहाल प्रदेश के किसी भी जिले में न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे नहीं है। हालांकि प्रदेश में सर्द हवाओं का असर भी बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार इस समय उत्तर भारत का मौसम ट्रांजिशन फेज में है। जिसका मतलब है कि ठंड धीर-धीरे कम जरूर हो रही है, लेकिन अभी पूरी तरह विदा नहीं हुई है। जब तक जेट स्ट्रीम और पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना हुआ है, तब तक तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
आज बिहार का मौसम
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि इसको लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। बिहार में आज अधिकतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ का बिहार के मौसम पर असर
बिहार में फिलहाल हल्की सर्दी पड़ रही है। लेकिन पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के कारण यहां सर्द हवाएं बह रही हैं। जिससे सुबह-शाम ठंड का एहसास बना हुआ है। कहीं-कहीं घना कोहरा भी दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित करने वाला प्रमुख सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ है। जिसके प्रभाव से पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी होती है। जिसका असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलता है।इसके कारण सर्द हवाएं चलती हैं और तापमान में भी गिरावट होती है। फिलहाल फरवरी के पहले सप्ताह में दो पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हैं। जिसके कारण हो रही बारिश-बर्फबारी का असर उत्तर भारत के साथ ही बिहार के मौसम पर भी देखने को मिल रहा है। 8 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है। जिसका प्रभाव बिहार के मौसम पर भी नजर आ सकता है।
बिहार में सीवान रहा सबसे ठंडा
बिहार में पिछले 24 घंटे में सीवान सबसे ठंडा जिला रहा। जहां का न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मोतिहारी में 10.6 डिग्री और समस्तीपुर में 10.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा रहा। प्रदेश की राजधानी पटना में इस दौरान सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को बिहार के कई जिलों में घना कोहरा भी दर्ज किया गया। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा भी छंट गया और मौसम साफ हो गया। दिन में धूप भी खिली रही।
