पटना: बिहार सरकार ने राज्य को देश के प्रमुख डिजिटल और प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। सूचना प्रावैधिकी विभाग की ओर से आयोजित 'बिहार आईटी इंडस्ट्री मीट 2026' के तहत बेंगलुरु में देश-विदेश की अग्रणी टेक कंपनियों, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) लीडर्स, स्टार्टअप्स, वेंचर कैपिटल फर्मों और उद्योग विशेषज्ञों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें आयोजित की गईं। इस पहल का उद्देश्य बिहार में आईटी निवेश बढ़ाना, वैश्विक कंपनियों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी स्थापित करना और राज्य को डिजिटल अर्थव्यवस्था का उभरता हुआ केंद्र बनाना है।
बिहार IT इंडस्ट्री मीट 2026
सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि ऐसा आधुनिक तकनीकी इकोसिस्टम तैयार करना है, जहां उद्योग, नवाचार और युवाओं की प्रतिभा को समान अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि बिहार आईटी पॉलिसी 2024 और बिहार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) पॉलिसी 2026 राज्य में बड़े निवेश, उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार और वैश्विक तकनीकी पहचान स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएंगी।
मंत्री ने उद्योग प्रतिनिधियों को राज्य की ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम, निवेश प्रोत्साहन योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों और आधुनिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार आईटी एवं आईटीईएस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, डीपटेक और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में राज्य को राष्ट्रीय स्तर का अग्रणी केंद्र बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।
वैश्विक कंपनियों के अधिकारियों संग वन-टू-वन बिजनेस मीटिंग्स
कार्यक्रम के दौरान सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने कई वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वन-टू-वन बिजनेस मीटिंग्स कीं। Quess Corp के साथ रोजगार, स्किल डेवलपमेंट और तकनीकी सहयोग पर चर्चा हुई, जबकि Adobe, Mercedes-Benz, XLR Partners और Brandscapes Worldwide समेत कई कंपनियों के साथ बिहार में डिजिटल निवेश, अनुसंधान एवं नवाचार और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
सचिव ने निवेशकों के समक्ष बिहार आईटी पॉलिसी 2024 और GCC पॉलिसी 2026 का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए उद्योग-अनुकूल नीतियों, मजबूत डिजिटल अवसंरचना, कुशल मानव संसाधन और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि बिहार तेजी से ऐसे राज्य के रूप में उभर रहा है, जहां सरकार की स्पष्ट नीतियां और विशाल युवा प्रतिभा निवेशकों के लिए नए अवसर पैदा कर रही हैं।
इन कंपनियों ने लिया भाग
सम्मेलन में Honeywell, Adobe, Mphasis, Oracle, Salesforce, Razorpay, MyGate, NetApp, Trend Micro, Tejas Networks, RuralShores Business Services और Quodeck.ai सहित कई प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इन बैठकों में बिहार में GCC की स्थापना, आईटी पार्कों के विकास, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, स्टार्टअप इकोसिस्टम, अनुसंधान एवं नवाचार तथा कौशल विकास के क्षेत्रों में संभावित निवेश और सहयोग पर विस्तार से चर्चा हुई।
उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने बिहार सरकार की नई औद्योगिक और तकनीकी नीतियों की सराहना करते हुए राज्य की युवा प्रतिभा, बेहतर होती डिजिटल व्यवस्था और उद्योग-अनुकूल माहौल को भविष्य के निवेश के लिए अनुकूल बताया। उन्होंने बिहार के साथ दीर्घकालिक साझेदारी और निवेश को लेकर सकारात्मक रुचि भी दिखाई।
