Gopalganj Encounter News: बिहार में गोपालगंज जिला पुलिस को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। नगर थाना क्षेत्र के बंजारी बायपास के पास पुलिस और एक वांटेड अपराधी के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर के दौरान 50,000 का इनामी और कुख्यात अपराधी आकाश कुमार पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसके बाद उसे कड़े पहरे के बीच इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर ही झोंक दी फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक (SP) विनय तिवारी की विशेष टीम को इस कुख्यात अपराधी के छिपे होने की सटीक सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर अपराधी आकाश कुमार को दबोच लिया था। गिरफ्तारी के बाद जब SP विनय तिवारी की टीम आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी के लिए नगर थाना क्षेत्र के बंजारी बायपास पर पहुंची, तो उसने भागने की कोशिश की। आकाश ने वहां छिपे हुए हथियार को निकालकर पुलिस टीम पर ही सीधे फायरिंग झोंक दी। पुलिस कर्मियों को निशाना बनाकर की गई इस अचानक फायरिंग के बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। पुलिस की इस जवाबी फायरिंग में दो गोलियां कुख्यात आकाश के दोनों पैरों में जा लगीं और वह वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा दबोच लिया।
कौन है कुख्यात आकाश कुमार?
एनकाउंटर में घायल हुए इस इनामी अपराधी का पुराना और बेहद खौफनाक आपराधिक इतिहास रहा है। मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी आकाश कुमार मूल रूप से थावे थाना क्षेत्र के बरईहाता गांव का रहने वाला है और उसके पिता का नाम मनोज सिंह है। आकाश पर थावे के पूर्व मुखिया कुरैश मियां की दिनदहाड़े की गई जघन्य हत्या का मुख्य आरोप है। इसके अलावा उस पर लूट, सरेआम गोलीबारी, डकैती और रंगदारी समेत करीब 12 से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में उसने थावे के एक बड़े स्टील व्यवसायी मृत्युंजय कुमार से फोन पर लाखों रुपये की रंगदारी मांगी थी और न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
बिहार STF को 5 साल से थी तलाश, हर बार देता था चकमा
आकाश कुमार बिहार पुलिस और बिहार STF के लिए एक बड़ा सिरदर्द बना हुआ था। STF की टीमें पिछले 5 सालों से इसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार जाल बिछा रही थीं और कई राज्यों में छापेमारी कर रही थीं, लेकिन शातिर आकाश हर बार पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो जाता था। इस बड़े एनकाउंटर की सफलता के बाद गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
