शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (30 May 2026) UP Weather Today: लखनऊ से सहारनपुर तक आंधी-तूफान की तबाही, 43 जिलों में अलर्ट; जानें अगले 4 दिनों तक कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 30 May 2026: उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम ने भयंकर करवट ली है। IMD ने यूपी के 43 जिलों में 100 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Image

यूपी में आज भी आंधी बारिश का दौर

Photo : Times Now Digital

यूपी में आज का मौसम (30 May 2026): उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से बेहाल लोगों को बादलों की आमद से राहत तो मिली है, लेकिन इसके साथ आई विनाशकारी आंधी और तूफान ने पूरे प्रदेश में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों (30 और 31 मई) तक आंधी, बिजली कड़कने, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि को लेकर बेहद गंभीर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी, जिनके झोंके 100 किलोमीटर प्रति घंटे की विनाशकारी स्पीड को छू सकते हैं।

सहारनपुर में आई अचानक बाढ़

इस मौसम का सबसे खौफनाक मंजर सहारनपुर जिले में देखने को मिला। शिवालिक पहाड़ियों पर हुई मूसलाधार बारिश के चलते प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर परिसर स्थित बरसाती नदी में अचानक भीषण बाढ़ आ गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि सूखी नदी के तल पर खड़े इनोवा, ट्रैक्टर और कारों समेत करीब 10 से 12 वाहन और 50 से अधिक दुकानें ताश के पत्तों की तरह बह गईं। इस अचानक आई आपदा के बाद रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन में दो महिला श्रद्धालुओं के शव बरामद किए गए हैं, जो पानी के तेज बहाव में बह गई थीं। प्रशासन ने एहतियातन 31 मई तक मंदिर में दर्शन पर रोक लगा दी है।

कई जिलों में ओलावृष्टि

तूफान का असर राजधानी लखनऊ समेत करीब 20 से अधिक जिलों में देखा गया। लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के दौरान तेज हवाओं के चलते प्लेटफॉर्म नंबर-5 का भारी-भरकम टिन शेड गिर गया, जिसकी चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात एक टीटीई (TTE) और दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा सीतापुर, झांसी, बरेली और बदायूं में बड़े पैमाने पर ओलावृष्टि (Hailstorm) दर्ज की गई है, जबकि संभल, एटा, बिजनौर, आगरा और मथुरा में रातभर हुई झमाझम बारिश से तापमान में 5 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

इन 43 जिलों में 'रेड अलर्ट' और ओलावृष्टि की चेतावनी (UP Weather Today)

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के एक बड़े हिस्से को रेड जोन में रखा है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, चित्रकूट, बांदा, कौशांबी, फतेहपुर, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, भदोही, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, लखीमपुर खीरी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर। इन जिलों में 100 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। बांदा, वाराणसी, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, अमेठी, सुल्तानपुर और अयोध्या में भारी बारिश के साथ वज्रपात और ओले गिरने की आशंका जताई गई है, यहां होगी भारी बारिश और ओले की संभावना है।

कब थमेगा आंधी-बारिश का दौर?

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, शनिवार (30 मई) को भी 50 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो रविवार (31 मई) को घटकर 40-50 किमी/घंटे पर आ जाएंगी। 1 जून से प्रदेश में बारिश और आंधी की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी। हालांकि, राहत का यह दौर ज्यादा लंबा नहीं रहेगा और 3 और 4 जून से पूरे उत्तर प्रदेश में एक बार फिर पारा चढ़ेगा और भीषण गर्मी की वापसी होगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article