Bharat Tiwari Encounter: बिहार के भोजपुर (आरा) जिले में इन दिनों दो अलग-अलग मामलों को लेकर सियासी और सामाजिक हलचल काफी तेज हो गई है। एक तरफ जहां चर्चित भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले में पीड़ित परिवार ने न्याय के लिए आंदोलन को तेज करने का मन बना लिया है, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक बंदिशों के चलते जगदीशपुर में होने वाली एक बड़ी महापंचायत को टालना पड़ा है।
भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले में मां ने दी अनशन की चेतावनी (फाइल फोटो)
भोजपुर के बहुचर्चित भरत तिवारी कथित मुठभेड़ मामले में पीड़ित परिवार ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। भरत की मां आशा देवी ने भावुक और कड़े लहजे में कहा है कि यदि आगामी 9 जुलाई तक इस मामले में नामजद आरोपी पुलिस अधिकारियों की गिरफ्तारी नहीं की जाती है, तो वह उसी दिन से आमरण अनशन (भूख हड़ताल) पर बैठ जाएंगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया में दर्दनाक हादसा: इमारत ढहने से कई लोग मलबे में दबे, राहत और बचाव अभियान जारी
भरत की बहन ने प्रशासन पर लगाए बेहद गंभीर आरोप
यही नहीं, भरत की बहन रूबी देवी ने प्रशासन और स्थानीय व्यवस्था पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद से ही उनके घर के आसपास रात 11 बजे के बाद बिना नंबर प्लेट वाली कुछ संदिग्ध गाड़ियां लगातार चक्कर काट रही हैं। इससे पूरा परिवार बेहद डरा हुआ है और उन्हें अपनी जान का खतरा सता रहा है। परिवार ने सरकार से मांग की है कि दोषी अधिकारियों को तुरंत जेल भेजा जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं और उनके परिवार को तुरंत सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
धारा 144 लागू होने से 'बहुजन महापंचायत' टली'
भोजपुर जिले के ही जगदीशपुर इलाके से दूसरी बड़ी खबर है, जहां 5 जुलाई को होने वाली 'बहुजन महापंचायत' को फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। आयोजन समिति ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास स्थानीय प्रशासन ने अचानक धारा 144 लागू कर दी और कार्यक्रम की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया।
आयोजकों के मुताबिक, उन्होंने पहले एक सरकारी मैदान और बाद में एक निजी जमीन पर इस महापंचायत को करने की पूरी तैयारी कर ली थी। हालांकि, प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और भारी भीड़ जुटने की संभावना का हवाला देकर दोनों ही जगहों के लिए परमिशन देने से मना कर दिया। आयोजकों का कहना है कि वे कानून का सम्मान करते हैं, इसलिए कार्यक्रम को फिलहाल रोका गया है। अब प्रशासन से दोबारा बातचीत कर और नई अनुमति मिलने के बाद ही महापंचायत की अगली तारीख का ऐलान किया जाएगा।
