MP News: मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में 26 वर्षीय एक महिला ने अपनी एक वर्षीय बेटी के साथ कुएं में कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। महिला के माता-पिता ने आरोप लगाया कि उसे उसके पति और ससुराल वाले परेशान करते थे। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच कर घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा।
ग्रामीणों ने कुएं से निकाला बाहर
यह घटना सोमवार को इंदवार थाना क्षेत्र के चंसूरा गांव में हुई। महिला का नाम शकुन यादव है, जिसकी साल 2017 में शादी हुई थी। इंदवार थाना प्रभारी एसएन प्रजापति ने बताया कि शकुन यादव ने सोमवार को अपनी नाबालिग बेटी के साथ गांव के कुएं में कथित तौर पर छलांग लगा दी। प्रजापति ने बताया कि सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने दोनों को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मामले की जांच कर रही पुलिस
महिला के माता-पिता ने दावा किया कि उसे उसके पति और ससुराल वाले परेशान करते थे, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
