मध्य प्रदेश के खंडवा से एक सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। यहां 2 अज्ञात आरोपी कब्रिस्तान में कब्र से छेड़छाड़ करते नज़र आए। कब्रिस्तान में रात के अंधेरे में 2 परछाइयां एक महिला और एक पुरुष की कब्र से छेड़छाड़ करते हुए सीसीटीवी में कैद हुई हैं। इस तस्वीर को जिसने भी देखा वो हैरान रह गया। ये तंत्र मंत्र है, अघोरी क्रिया है या फिर कुछ और, सबके मन में यही सवाल है। मुस्लिम समुदाय ने इस मामले में नाराज़गी जताई है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक बीते 4 महीने में ये तीसरी ऐसी घटना है, जब कब्रों के साथ छेड़छाड़ की गई है।
दरअसल मामला तब सामने आया जब शहर के बड़े कब्रिस्तान में सोमवार को दो कब्रें खुली पाई गईं। इसमें से एक कब्र दो दिन पहले ही दफनाई गई एक महिला की है, तो वहीं दूसरी कब्र की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है, लेकिन वो एक पुरुष की है।
पुलिस और कब्रिस्तान प्रबंधन को आशंका है कि इस तरह की और कब्रों से छेड़छाड़ हो सकती है। कब्रिस्तान में कब्र के साथ छेड़छाड़ की घटना को लेकर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग और शहर काजी सैय्यद निसार अली कोतवाली थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंच कर पहले तो महिला के परिजनों की मौजूदगी में कब्र को दुबारा से तैयार कर शव को पूरे विधि विधान से दफनाया गया। इसके बाद मामले की जांच शुरु की गई।
पुलिस ने सीसीटीवी खंगालना शुरु किया तो 2 लोग सीसीटीवी में नज़र आए। ये दोनों इन कब्रों के आस पास काफी देर तक नज़र आए। खास बात ये है कि दोनों आरोपी निर्वस्त्र थे, इसमें से एक आरोपी ने खम्बे पर लगे सीसीटीवी कैमरे पर कफन का कपड़ा डाल दिया। जिससे उसकी पहचान ना हो सके, लेकिन दूर लगे दूसरे सीसीटीवी में वो कैद हो गया। सीसीटीवी में नज़र आते ही कोतवाली पुलिस ने डीवीआर जप्त कर जांच शुरू कर दी है ।
बता दें कि 4 माह पहले भी इसी बड़ा कब्रिस्तान क्षेत्र में तीन महिलाओं की कब्र खुली होने का मामला सामने आया था। जिसके बाद आक्रोशित मुस्लिम समाज ने कब्रिस्तान में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। एक बार फिर से इस तरह की घटना सामने आई है तो स्थानीय लोगों का कहना है कि तांत्रिक और अघोरी क्रिया के चलते ऐसा हो सकता है।
फिलहाल मामला पुलिस की जांच में है, और शहर काजी ने इस पर आपत्ति जताते हुए दोषी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसे कड़ी सजा देने की मांग की है । शहर काज़ी सैय्यद निसार अली का कहना है कि सुबह सुबह कब्रिस्तान से फोन आया कि कब्रें खुली हुई हैं। यहां आकर देखा तो एक महिला औऱ एक पुरुष की कब्र खुली हुई पाई गई है। पुलिस औऱ प्रशासन को इत्तला की गई। पुलिस फौरन आई, खंडवा के शहर के अंदर ये तीसरी घटना है। पहले की घटना के बाद सीसीटीवी लगाए गए थे, फुटेज आ चुका है। संभावना है कि पुलिस आरोपी को जल्दी ही गिरफ्तार करेगी।
वहीं खंडवा के एडिशनल एसपी महेन्द्र तारनेकर के मुताबिक एक सूचना के तस्दीक के लिए हमारी टीमें लगी हुई हैं। इस तरह की वारदात पहले भी हुई थी, जिसकी जांच चल रही है।
