Chhatarpur Heavy Rainfall: छतरपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। जन-जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है और स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। बारिश की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एक दर्जन से अधिक प्रमुख सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।
छतरपुर में मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात
इसी सिलसिले में बिजावर क्षेत्र से होकर जाने वाली एक अहम सड़क की पुलिया तेज बहाव में बह गई, जिससे कई गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है। सबसे चिंताजनक स्थिति जटाशंकर धाम में बनी हुई है, जहां दर्शन के लिए पहुंचे 1000 से अधिक श्रद्धालु पानी में फंस गए हैं। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए राहत अभियान जारी है, लेकिन तेज बारिश और बहाव के चलते बचाव कार्यों में भारी दिक्कतें आ रही हैं।
खेतों में तीन फीट तक पानी
किसानों के लिए भी यह बारिश कहर बनकर टूटी है। खेतों में लगभग तीन फीट तक पानी भर चुका है, जिससे खड़ी फसलें पूरी तरह नष्ट होने के कगार पर हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है, और वे लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
