Bhopal Crime: भोपाल की बैरागढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन हजार के इनामी कुख्यात किन्नर काजल बंबइया को गिरफ्तार कर लिया है। उसे भोपाल रेलवे स्टेशन के पास से शुक्रवार को पुलिस ने दबोच लिया। किन्नर काजल मुंबई भागने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस उस तक पहुंच गई। पुलिस ने स्पेशल टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
भोपाल में इनामी किन्नर को पुलिस ने किया गिरफ्तार (Representative Image)
बता दें कि गत बुधवार को किन्नरों के एक समूह ने काजल बंबइया और उसके साथी की आए दिन गुंडागर्दी से परेशान होकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय में प्रदर्शन किया था। तब जाके आला पुलिस अधिकारियों ने आरोपित किन्नर के खिलाफ सख्त कार्रवाई का किन्नर समूह को कार्रवाई का आश्वासन दिया था। बता दें कि किन्नर काजल वर्चस्व को लेकर हुए विवाद के कई मामलों में वांछित है।
पांच हजार की जबरन वसूली का था ताजा मामला
मिली जानकारी के अनुसार निशातपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाली 27 वर्षीय किन्नर अलीशा के साथ बीते सोमवार की रात किन्नर काजल बंबइया और उसकी सहयोगी कायनात ने उसके घर में घुसकर पांच हजार रुपये की जबरन वसूली की थी। रुपये देने से मना करने पर दोनों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं जान से मारने की धमकी भी दी और वहां से चले गए। किन्नर अलीशा की शिकायत पर दोनों किन्नरों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कराया था।
किन्नर काजल को पकड़ने के लिए बनी पुलिस टीम
बता दें कि काजल बंबइया और उसके साथी कायनात पर राजधानी के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपित की तलाश के लिए पुलिस की एक टीम गठित कर किन्नर बदमाश काजल व कायनात मिर्जा को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी बीच टीम को शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि काजल बंबइया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह के पास किसी ट्रेन का इंतजार कर रहा है। सूचना में यह जानकारी मिली कि वह मुंबई भागने की फिराक में है। मुखबिर की सूचना मिलने पर तत्काल टीम को कार्रवाई हेतु रवाना किया गया। पुलिस को देख काजल बंबइया ने भागने का असफल प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे घेराबंदी कर रेलवे स्टेशन के पास ही पकड़ लिया।
