विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त की टीम ने कल यानी बुधवार 11 जून 2025 को बैरसिया तहसील के ग्राम दामखेड़ा में पटवारी अविनाश सिंह को 15000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता इंसाफ खां द्वारा 10 जून को दर्ज की गई शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके पिता ने एक वर्ष पूर्व अपनी पैतृक भूमि का बंटवारा चार बेटों में किया था।
रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ पटवारी (फोटो - AI Image)
जब उन्होंने भूमि का सीमांकन का प्रयास किया, तो पटवारी ने प्रति एकड़ 2000 रुपये के हिसाब से कुल 30,000 रुपये की रिश्वत मांगी। लोकायुक्त के पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह के निर्देश पर उप पुलिस अधीक्षक मंजू सिंह ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें पटवारी द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद, लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पटवारी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक मंजू सिंह पटेल और उप पुलिस अधीक्षक दिलीप झरबडे़ सहित अन्य स्टाफ शामिल थे। यह घटना भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का एक हिस्सा है, जो सरकारी अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है।
