NCB Alprazolam Lab Bust: एनसीबी ने मादक पदार्थ अल्प्राजोलम बनाने वाली एक लैब का पर्दाफाश किया और इस मामले में एक इंजीनियर तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के पूर्व सदस्य को गिरफ्तार कर 3.44 करोड़ रुपए के प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किए। यह जानकारी अधिकारियों ने रविवार को दी। शनिवार को एनसीबी की कार्रवाई में रूप सिंह चौहान (51) और अभिजीत सिंह चौहान (39) को हिरासत में लिया गया। रूप सिंह चौहान इंदौर के श्री वैष्णव इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड साइंस से बीटेक पास हैं, जबकि अभिजीत सिंह चौहान इंदौर के ऋषिराज कॉलेज ऑफ फार्मेसी से बीफार्मा स्नातक हैं और पहले रतलाम में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी से जुड़े रहे थे।
NCB ने मध्य प्रदेश में गुप्त अल्प्राजोलम लैब का किया पर्दाफाश (प्रतीकात्मक फोटो: Canva)
तस्करों का बढ़ता है मुनाफा
संघीय एजेंसी की इंदौर क्षेत्रीय इकाई ने बताया कि सूचना मिलने पर टीमों ने रतलाम (मध्य प्रदेश) के पास, महू-नीमच रोड के ग्राम सेजावता में स्थित आईपीसीए प्रयोगशाला पर लगातार नजर रखी और तस्करों की गतिविधियों पर सतर्कता बनाए रखी। इस कार्रवाई के दौरान 13.762 किलोग्राम अल्प्राजोलम जब्त किया गया, जिसकी कीमत अवैध बाजार में लगभग 3.44 करोड़ रुपए बताई जा रही है। अल्प्राजोलम नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत नियंत्रित प्रिस्क्रिप्शन दवा है, जिसे अक्सर मनोरंजन के लिए दुरुपयोग किया जाता है। अधिकारियों के बयान के अनुसार, इसका इस्तेमाल ताड़ी में मिलावट (तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में) और हेरोइन में मिलावट (राजस्थान, मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में) के लिए भी किया जाता है, जिससे तस्करों का मुनाफा बढ़ता है।
लैब के उपकरण भी हुए जब्त
एनसीबी ने बताया कि मादक पदार्थ के साथ-साथ उन्होंने प्रयोगशाला में गुप्त निर्माण के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी जब्त किए हैं, जिनमें गोल तली वाले फ्लास्क, तेल के टब, कंडेनसर, स्टिरर और थर्मामीटर शामिल हैं। घटनास्थल से भारी मात्रा में प्रीकर्सर रसायन और सॉल्वैंट्स भी बरामद किए गए। एनसीबी के अनुसार, आरोपी अभिजीत चौहान और रूप सिंह चौहान दवा और आयुर्वेदिक उत्पादों के व्यवसाय में साझेदार थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों ने अपनी दवा संबंधी विशेषज्ञता और सुविधाओं का उपयोग करके एनडीपीएस अधिनियम का उल्लंघन करते हुए अल्प्राजोलम का निर्माण किया। एनसीबी ने यह भी बताया कि जनवरी 2025 में उन्होंने महू-नीमच रोड (राज्य राजमार्ग-31) पर स्थित एक गोदाम को किराए पर लेकर इसका निर्माण किया।
(इनपुट - आईएएनएस)
