Bhopal: भोपाल के पास लगभग 15 किमी दूर स्थित इस्लाम नगर इलाके (पंचायत) का नाम बदलकर जगदीशपुर कर दिया गया है। सरकार ने इसे लेकर नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। ये इलाका भोपाल की बैरसिया तहसील और विधानसभा में स्थित है।
इस्लाम नगर हुआ जगदीशपुर
लंबे समय से मांग
इस्लाम नगर का नाम बदलने के लिए स्थानीय लोग काफी समय से प्रयास कर रहे थे। लंबे समय से स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की मांग थी कि इस्लामनगर का नाम बदलकर जगदीशपुर किया जाए। बैरसिया विधायक विष्णु खत्री ने विधानसभा में भी इसे लेकर काफी सवाल किए थे। उन्हीं की मांग पर केंद्र सरकार की ओर से एक एनओसी भी जारी की गई थी, जिसके बाद एक लंबी प्रक्रिया हुई और इस्लाम नगर का नाम बदल गया।
इस्लाम नगर का नाम बदला
क्या है इतिहास
इतिहास के अनुसार दोस्त मोहम्मद खान ने जब 1715 ई. में इस जगह पर आक्रमण किया था, उससे पहले इस जगह को जगदीशपुर के नाम से जाना जाता था। यहां पर गोंड शासक देवरा चौहान का शासन हुआ करता था। इस रियासत पर कब्जा करने के बाद दोस्त मोहम्मद खान ने इसका नाम बदलकर इस्लामनगर कर दिया था।कुछ वक्त के बाद उसने पूरे भोपाल पर ही कब्जा कर लिया था। इतिहास का ये शिलालेख इस्लामनगर में मौजूद है, यहां पर प्राचीन किला है, जो पुरातत्व विभाग की धरोहर है। यहां हर साल हजारों पर्यटन आते हैं।
शिलालेख
क्या कहते हैं लोग
नाम बदलने को लेकर स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से यह मांग थी, जो आज पूरी हो गई है। नाम बदलने पर हो रही राजनीति को लेकर उनका कहना है कि उन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता, लेकिन जो असली नाम है वही होना चाहिए।
