मध्य प्रदेश शासन ने स्वास्थ्य विभाग में महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए 41 चिकित्सकों, विशेषज्ञों और प्रशासनिक अधिकारियों का तबादला किया है। यह आदेश सामान्य प्रशासन विभाग की तबादला नीति के तहत शनिवार रात को जारी किया गया। नए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के रूप में डॉ. मनीष शर्मा को भोपाल में नियुक्त किया गया है। इससे पहले, वे ग्वालियर में प्रभारी उप संचालक के पद पर कार्यरत थे। डॉ. शर्मा ने कहा कि भोपाल के CMHO के रूप में उनकी प्राथमिकता कोविड-19 के प्रसार को रोकने की दिशा में काम करना होगा। वर्तमान CMHO, डॉ. प्रभाकर तिवारी को अब वरिष्ठ संयुक्त संचालक, संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं भोपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह बदलाव स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और कोविड-19 के प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव (फाइल फोटो)
देश में बढ़ रहा कोरोना
देश में पिछले 48 घंटे में कोविड-19 के 769 नये मामले सामने आए, जिसके साथ ही उपचाराधीन मरीजों की संख्या छह हजार के पार पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली। मंत्रालय के अनुसार, केरल सबसे अधिक प्रभावित राज्य है, उसके बाद गुजरात, पश्चिम बंगाल और दिल्ली का स्थान है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कोविड के बढ़ते मामलों के मद्देनजर, तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्र ‘मॉक ड्रिल’ आयोजित कर रहा है और सभी राज्यों को ऑक्सीजन, वेंटिलेटर और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मंत्रालय ने कहा कि भारत में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 6,133 है और पिछले 24 घंटों में छह और संक्रमितों की मौतें हुई हैं।
