दीपावली पर खिले किसानों के चेहरे, सीएम डॉ. यादव ने अन्नदाताओं के खातों में ट्रांसफर किए करोड़ों रुपये

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब तराना में भी पार्वती-काली सिंध-चंबल का पानी मिलेगा। आगर-मालवा का भी समय बदला है। कांग्रेस के शासनकाल में खेत सूखे पड़े थे, बिजली के तार-खंभे थे, लेकिन करंट नहीं था।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 19 अक्टूबर को किसानों को बड़ी राहत दी। उन्होंने उज्जैन के तराना में अतिवृष्टि से पीड़ित किसानों के खातों में 265 करोड़ रुपये की राहत राशि ट्रांसफर की। इसके अलावा उन्होंने 29 लाख बहनों के खातों में गैस सिलेंडर रीफिल के लिए 45 करोड़ रुपये सिंगल क्लिक से ट्रांसफर किए। इस अवसर पर प्रदेश के मुखिया ने 31 करोड़ रुपये की लागत के 30 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने घोषणा की, कि तराना से आगर तक एक नई सड़क बनेगी, कायथा में नया कॉलेज बनेगा, मक्सी में टू लेन रोड फॉर लेन होगी। इसके अलावा जो किसान प्राकृतिक फसल उगाएगा, प्राकृतिक खेती करेगा, उसका विशेष पंजीयन होगा। सरकार उसे विशेष अनुदान देगी। तराना और आसपास के युवाओं को रोजगार देने के लिए 8 हजार करोड़ का नया कारखाना स्थापित किया जा रहा है। इससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान सीएम डॉ. यादव कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि जैसे कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी, वैसे छोटे नेता जीतू पटवारी। उन्होंने किसानों से फसलों के साथ दूध उत्पादन-पशुपालन से जुड़ने की अपील भी की।

mp cm (4).

उज्जैन के तराना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार लगातार किसान हितैषी, जन कल्याणकारी काम करती जा रही है। प्रदेश सरकार गरीब-युवा-अन्नदाता-नारी का कल्याण करने के लिए लगातार योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि शिवपुरी-गुना-अशोकनगर में किसानों ने फसल बोई, लेकिन बाढ़ की वजह से वह उगी नहीं। सरकार ने कहा कोई बात नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह सरकार इतनी सक्षम है कि जैसे ही बाढ़ का पानी उतरा, वैसे ही किसानों को राहत राशि प्रदान कर दी। यह प्रदेश के इतिहास में पहली बार हुआ। ये किसानों के लिए हमारी प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि हमारा किसान सूखा-पाला-बाढ़-आंधी-तूफान में खेत में मेहनत करके लोगों की जरूरत पूरा करता है। कभी-कभी परमात्मा परीक्षा भी लेते हैं। कभी बारिश ज्यादा हो जाती है, कभी पीला मोजेक हो जाता है, कभी किसी और वजह से फसल खराब हो जाती है। लेकिन, इसमें घबराने की कोई बात नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने पहली बार पीला मोजेक से खराब हुई फसलों के लिए भी किसानों को राहत राशि दी है। हमारी सरकार सभी की मदद करने के लिए तैयार है।

End of Feed