Madhushala me Gaushala Campaign in Madhya Pradesh: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित मध्य प्रदेश में नशामुक्ति के मोर्चे पर अच्छे दिन आ सकते हैं। पार्टी की सीनियर नेता उमा भारती ने कहा है कि सूबे में शराब वितरण प्रणाली की मांग के समर्थन में वह ‘मधुशाला में गौशाला’ अभियान चालू करेंगी। वह इसके तहत खास तौर पर मंदिर और स्कूलों के नजदीक मधुशालाओं को गौशालाओं में तब्दील कराएंगी। यह ऐलान मंगलवार (31 जनवरी, 2023) को उन्होंने भोपाल के एक मंदिर में चार दिवसीय प्रवास को खत्म करने से ऐन पहले किया। हालांकि, राज्य सरकार ने अपनी शराब नीति की घोषणा नहीं की।
मीडिया से बात करते हुए वह बोलीं- प्रदेश के निवाड़ी जिले में ओरछा के ठीक मुहाने पर राम राजा सरकार के प्रवेश द्वार के ठीक पहले शराब की जो दुकान है, वह अवैध है और विधि विभाग की भूल से उसे अदालत से स्थगन मिल गया है। मैं बुधवार शाम को ओरछा पहुंचूंगी और इसलिए मैं परसों (बृहस्पतिवार को) मधुशाला को गौशाला में बदल देना चाहती हूं। यह एक उदाहरण होगा। बाकी मैं नई शराब नीति का इंतजार करूंगी।
उन्होंने आगे बताया कि शराब नीति का इंतजार किए बिना वह नियमों का उल्लंघन कर चल रही शराब की दुकानों को गौशालाओं में बदलना शुरू कर देंगी। उन्होंने इसके साथ ही लोगों से 11 गायों की व्यवस्था करने को कहा है, जिन्हें ओरछा में शराब की दुकान पर बांधा जाएगा। बकौल उमा, ‘‘देखते हैं, कौन मुझे रोकने की हिम्मत करता है? इन गायों को खिलाएंगे और शराब की दुकान पर उनके लिए पानी की व्यवस्था भी करेंगे।’’
भारती ने कहा कि मध्यप्रदेश में शराब नहीं बह सकती, यहां दूध बहेगा और ओरछा की यह घटना इसी का सूचक होगी। मध्यप्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध के पीछे शराब एक कारण है। इसके अलावा प्रदेश में भय, असुरक्षा एवं बीमारियों सबका कारण मुख्य रूप से शराब बनती जा रही है। दरअसल, भारती मानती हैं कि म.प्र में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध के पीछे शराब एक कारण है। पूर्ण शराबबंदी का सपोर्ट करने वाली भारती लंबे समय से नशामुक्ति को बढ़ावा देने के लिए सूबे की शराब नीति में बदलाव कर नियंत्रित शराब वितरण प्रणाली लागू करने की मांग कर रही हैं। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)
